
मुंबई में भारी बारिश
मुंबई में शुक्रवार रात से ही हो रही तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की रफ्तार को धीमा कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3-4 घंटों में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पुणे जिलों के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में मूसलधार बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और बेवजह बाहर न निकलने की अपील की है। भारी बारिश के कारण मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे की कई सड़कें जलमग्न हो गयीं है।
मुंबई में बारिश के साथ ही समुद्र भी उफान पर है। आज दोपहर 12:38 बजे शहर में 4.64 मीटर ऊंची लहरों के साथ हाई-टाइड आने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने मुंबईकरों से अपील की है कि वे समुद्र किनारों पर जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
भारी बारिश के कारण सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मेन लाइन की लोकल ट्रेनें करीब 10-12 मिनट की देरी से चल रही हैं। हार्बर लाइन की ट्रेनें भी 7-8 मिनट देरी से चल रही हैं। हालांकि लोकल ट्रेनों की आवाजाही जारी है। कम दृश्यता के कारण ट्रेनें धीमी गति से चलाई जा रही हैं। हालांकि वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं।
जलभराव से शहर के कई अहम मार्गों पर भारी यातायात जाम भी देखने को मिल रहा है। भांडुप पश्चिम के एलबीएस रोड स्थित पन्नालाल कंपाउंड में सड़क पर लगभग आधा फुट पानी जमा हो जाने के कारण यातायात धीमी गति से चल रहा है।
मुंबई के अंधेरी पश्चिम और पूर्व को जोड़ने वाला प्रमुख सबवे पुल एक बार फिर भारी बारिश के चलते पानी में डूब गया है। आज सुबह लगभग डेढ़ फीट पानी भर जाने के कारण अंधेरी सबवे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। यातायात को गोखले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज के रास्ते डायवर्ट किया गया है। यहां से हर दिन हजारों लोग गुजरते है, लेकिन बारिश के मौसम में अक्सर जलभराव की समस्या से यह रास्ता बंद हो जाता है।
मुंबई पुलिस ने शहरवासियों से अपील कि है की "भारी बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नागरिकों से अनुरोध है कि बेहद जरूरी काम हो तभी घर से बाहर निकलें, समुद्री इलाकों से दूर रहें और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में 100/112/103 पर संपर्क करें। हमारे अधिकारी और स्टाफ पूरी तरह अलर्ट पर हैं।"
Updated on:
25 Jul 2025 12:21 pm
Published on:
25 Jul 2025 12:19 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
