20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Mumbai Local: डोंबिवली स्टेशन के पास लोकल ट्रेन पटरी से उतरी, मध्य रेलवे की रफ्तार थमी, जानें अपडेट

Mumbai Local Train Accident: रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तकनीकी टीम और बचाव दल को मौके पर रवाना कर दिया गया। डिब्बे को फिर से पटरी पर लाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 20, 2026

Mumbai Local Train Derailment update

डोंबिवली के पास लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा (Photo: X/@rajtoday)

मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा सोमवार सुबह एक हादसे के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई है। ठाणे जिले के डोंबिवली स्टेशन के पास एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे उपनगरीय रेल नेटवर्क पर बड़ा असर देखने को मिला।

सुबह-सुबह बेपटरी हुई लोकल ट्रेन, रेलवे ने जारी किया बयान

मध्य रेलवे के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8 बजकर 9 मिनट पर उस वक्त हुई, जब ट्रेन कलवा ईएमयू कार शेड से कल्याण की ओर जा रही थी। राहत की बात यह रही कि ट्रेन खाली थी, इसलिए किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के डीआरएम ने बयान जारी कर कहा, "डोंबिवली स्टेशन पर खाली ईएमयू रेक के पटरी से उतरने के कारण डाउन स्लो लाइन पर ट्रेन सेवाएं सुबह 8 बजकर 09 मिनट से दिवा और कल्याण के बीच प्रभावित हैं। डाउन स्लो लाइन की ट्रेनें फिलहाल दिवा से कल्याण के बीच डाउन फास्ट लाइन के जरिए डायवर्ट करके चलाई जा रही हैं। हमारी तकनीकी टीम समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने और दिवा से कल्याण के बीच डाउन स्लो लाइन पर सामान्य सेवाएं बहाल करने के लिए लगातार काम कर रही है। यात्रियों से हुई असुविधा के लिए सहयोग और धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया गया है।"

लोकल सेवाओं पर असर, कई ट्रेनें हुईं प्रभावित

इस घटना के कारण कई लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं, जिससे खासकर काम पर जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह के पीक आवर में हुई इस घटना से ट्रेनें लेट हो गई, जिससे स्टेशन खचाखच भर गए।

मुख्य लाइन पर हुआ हादसा

यह घटना मध्य रेलवे की उस मुख्य लाइन पर हुई, जो छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) को ठाणे और रायगढ़ जैसे प्रमुख जिलों से जोड़ती है। इस रूट पर हर दिन लाखों यात्री सफर करते हैं, ऐसे में छोटी सी तकनीकी समस्या भी बड़े स्तर पर असर डालती है।

बहाली का काम जारी

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पटरी से उतरे डिब्बे को वापस लाने और सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

कोपर और ठाकुर्ली स्टेशन नहीं रुकेगी ट्रेन

मुंबई से कल्याण की ओर जाने वाली लाइन पर डोंबिवली स्टेशन के करीब लोकल ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना के कारण रेलवे सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं और कल्याण से मुंबई की ओर आने-जाने वाली लोकल ट्रेनों का टाइमटेबल पूरी तरह गड़बड़ा गया है।

इस बीच रेलवे प्रशासन की ओर से घोषणा की जा रही है कि कोपर और ठाकुर्ली के बीच कुछ समय तक कोई भी लोकल ट्रेन नहीं रुकेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे डोंबिवली स्टेशन से फास्ट लोकल ट्रेन का उपयोग करें। साथ ही, कल्याण से दिवा के बीच सभी लोकल ट्रेनों को फिलहाल फास्ट लाइन पर चलाया जा रहा है।