
मुंबई में शुरू होंगी दो नई मेट्रो लाइनें (Photo: MMRDA)
मुंबई के यात्रियों के लिए सफर अब और भी आसान और रफ्तार भरा होने वाला है। काफी समय से प्रतीक्षित दो नई मेट्रो लाइनों के उद्घाटन की तारीख आखिरकार फाइनल हो गई है। राज्य सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद, मेट्रो लाइन 9 (दहिसर से काशीगांव) और मेट्रो लाइन 3 के एक हिस्से (डायमंड गार्डन से मंडाले) का लोकार्पण 3 अप्रैल को होने की उम्मीद है। खबर है कि इस दौरान मुंबई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाले कई अन्य प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत की जाएगी।
मीरा-भायंदर को मुंबई से जोड़ने वाली 4.5 किमी लंबी मेट्रो लाइन 9 (दहिसर से काशीगांव) के शुरू होने से हजारों यात्रियों का समय बचेगा। यह रेड लाइन मेट्रो 7 (दहिसर से गुंदवली) का विस्तार है, इसलिए अब मीरा रोड से यात्री बिना ट्रेन बदले सीधे अंधेरी पूर्व (गुंदवली) तक का सफर कर सकेंगे। इस रूट पर दहिसर (पूर्व), पांडुरंग वाडी, मीरागांव और काशिगांव जैसे चार प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। वहीं, पश्चिमी उपनगर जाने वाले यात्री दहिसर में मेट्रो 2-ए बदलकर अंधेरी पश्चिम भी आसानी से पहुंच सकेंगे।
साथ ही, डायमंड गार्डन से मंडाले तक मेट्रो लाइन 3 शुरू होने से शहर के कई हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पूर्व और पश्चिम उपनगरों के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी।
बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में होने वाली भारी ट्रैफिक जाम की समस्या को सुलझाने के लिए एमएमआरडीए (MMRDA) ने एक बड़ा कदम उठाया है। बांद्रा पूर्व रेलवे स्टेशन से कुर्ला रेलवे स्टेशन के बीच 8.8 किमी लंबे मार्ग पर चलने वाली 'पॉड टैक्सी' परियोजना का भूमिपूजन भी 3 अप्रैल को होने की संभावना है। यह आधुनिक परिवहन प्रणाली उन हजारों कर्मचारियों के लिए वरदान साबित होगी जो रोजाना काम के सिलसिले में बीकेसी आते हैं।
मेट्रो के अलावा, इस समारोह में ठाणे-बोरीवली अंडरग्राउंड टनल प्रोजेक्ट के लिए टनल बोरिंग मशीन (TBM) का भी उद्घाटन किया जा सकता है।
इसके साथ ही, मीरा-भायंदर का बहुचर्चित 'गोल्डन नेस्ट' फ्लाईओवर, जो अपनी संकरी लेन के कारण विवादों में रहा था, उसे भी अगले हफ्ते आम जनता के लिए खोला जा सकता है।
हालांकि राज्य सरकार से अंतिम औपचारिक मंजूरी का इंतजार है, लेकिन एमएमआरडीए ने इस बड़े कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, एमएमआरडीए ने दहिसर से काशीगांव तक मेट्रो लाइन 9 के चरण-1 और डायमंड गार्डन से मंडाले तक मेट्रो लाइन 2बी के चरण-1 को पिछले साल के अंत तक पूरा कर लिया था। इन दोनों मेट्रो लाइनों को पहले ही सुरक्षा मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन महानगरपालिका चुनावों के चलते आचार संहिता और अन्य कारणों से उद्घाटन टल गया था।
Published on:
29 Mar 2026 06:37 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
