
बारिश के चलते ट्रेनें रद्द (फोटो- ANI)
IMD Red Alert Mumbai: महाराष्ट्र में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे घाट सेक्शन में एक बड़ा लैंडस्लाइड (भूस्खलन) हुआ है, जिसकी वजह से रेलवे ट्रैक पर पहाड़ों से टूटकर बड़े-बड़े पत्थर गिर गए हैं। इस वजह से ट्रेनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया है। इस मुश्किल हालात को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद कमान संभाल ली है। उन्होंने अधिकारियों के साथ मीटिंग कर हालात का जायजा लिया। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी इस इलाके में भारी बारिश हो सकती है, जिससे काम में थोड़ी दिक्कत आ रही है।
मध्य रेलवे के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 3.05 बजे करजत-लोनावाला के भोर घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी के पास भूस्खलन हुआ। इसके बाद खंडाला और मंकी हिल के बीच भी एक और भूस्खलन की घटना हुई।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मुंबई जाने वाली अप लाइन, पुणे जाने वाली डाउन लाइन और मिडिल लाइन तीनों पर मलबा आ गया, जिससे रेल यातायात बाधित हो गया।
वहीं लैंडस्लाइड की स्थिति को लेकर रेलवे ने कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा कई ट्रेनों को डायवर्ट भी किया है। रद्द की गई ट्रेनों में सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, धुले एक्सप्रेस और पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा कई लंबी दूरी वाली ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रद्द करना पड़ा। वहीं कुछ का शुरुआती स्टेशन बदला गया और कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की अपील की है। ट्रैक से मलबा हटाने और सेवाएं बहाल करने का कार्य जारी है।
MSRDC (महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया है कि पुणे-मुंबई कनेक्टिंग लिंक रोड पर पुणे से मुंबई जाने वाली लेन में टनल 2 के एग्जिट के पास जबरदस्त बारिश के बीच भूस्खलन हुआ है। सुरक्षा कारणों की वजह से सुबह 4 बजे से ही ट्रैफिक का रास्ता बदल दिया गया है। हम हाईवे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
Updated on:
06 Jul 2026 08:48 am
Published on:
06 Jul 2026 07:46 am
