
मुंबई और पुणे में मॉनसून का आगमन अगले हफ्ते तय
Mumbai Pune Monsoon Arrival Date: महाराष्ट्र में भले ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (Southwest Monsoon) का आगमन हो चुका है, लेकिन इसकी रफ्तार थमी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मॉनसून को लेकर अब राहतभरी भविष्यवाणी की है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य और देश में रुकी मॉनसून यात्रा 23 जून से फिर से शुरू हो सकती है। हालांकि पूर्वानुमान में 22 जून तक बारिश की संभावना माइनस श्रेणी में दर्शायी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र में मॉनसून का आगमन रविवार को हुआ। मॉनसून आमतौर पर 15 जून तक पूरे राज्य में प्रवेश कर जाता है। लेकिन अब तक मॉनसून दक्षिण कोंकण के कुछ हिस्सों से आगे नहीं बढ़ सका है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य में मानसूनी बारिश के लिए अगले हफ्ते तक का इंतजार करना पड़ सकता है। यह भी पढ़े-Mumbai Monsoon: महाराष्ट्र में कहां तक पहुंचा मॉनसून? IMD ने कहा- मुंबई में जारी रहेगी रिमझिम बारिश
इस बीच, आईएमडी ने मुंबई में 18 से 21 जून के बीच मॉनसूनी बारिश शुरू होने के संकेत दिए है। आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि मुंबई में जो अभी हलकी बारिश का दौर जारी है, वह चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' (Biparjoy Cyclone) के कारण हुई प्री-मानसून बारिश है। वर्तमान में मॉनसून महाराष्ट्र के रत्नागिरी तक पहुंच चुका है और तब से ही स्थिर है। हालांकि 72 घंटों में राज्य में मॉनसून की प्रगति होने की संभावना है।
मुंबई-पुणे समेत राज्य के अन्य हिस्सों में मॉनसून कब आगे बढ़ेगा?
23 जून से मध्य भारत और महाराष्ट्र में मॉनसून में नई जान आयेगी। आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर (Sushma Nair) ने कहा “अरब सागर में चक्रवात के कारण मॉनसून में देरी हुई है, क्योकि चक्रवात ने सारी नमी को मोड़ दिया। हालांकि अब 18 से 21 जून के बीच मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए महाराष्ट्र में स्थितियां फिर से अनुकूल हो रही हैं।“
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से राज्य में 51 फीसदी कम बारिश हुई है। 18 से 22 जून के बीच मुंबई और पुणे में मॉनसून प्रवेश कर सकता है। लेकिन राज्य के उत्तरी हिस्से के साथ-साथ विदर्भ में भी मॉनसून के दस्तक देने में अभी कुछ और समय लग सकता है।
महाराष्ट्र में कब होगी मूसलाधार बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 21 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां विकसित हो रही हैं। आईएमडी द्वारा गुरुवार को जारी किये गए अगले चार सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 22 जून के सप्ताह के दौरान राज्य में बारिश की संभावना माइनस श्रेणी में है। इसके अनुसार, 23 जून से कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में औसत से अधिक वर्षा होने की संभावना है।
16 से 22 जून के बीच कोंकण में प्रतिदिन 2.5 से 10 मिमी (मिलीमीटर) बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। हालाँकि, उसके बाद प्रति दिन 20 से 40 मिलीमीटर बारिश या उससे अधिक बारिश हो सकती है। इस अवधि के दौरान उत्तरी कोंकण में औसत वर्षा हो सकती है, जबकि दक्षिण कोंकण में भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि 30 जून से 6 जुलाई की अवधि में उत्तरी कोंकण में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
Monsoon Latest Update 16 जून तक कहां पहुंचा मॉनसून, IMD ने दी ये जानकारी-
Updated on:
16 Jun 2023 08:01 pm
Published on:
16 Jun 2023 04:40 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
