
Maharashtra Rain Alert (Photo- IANS/File)
महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। बीते 12 घंटों से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। खासकर मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और नवी मुंबई में तेज हवाओं के साथ तेज बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 जून से 22 जून तक राज्य में सक्रिय मानसून के चलते कई जिलों में मूसलधार बारिश की चेतावनी दी है। पालघर के आलावा पुणे और नासिक के घाट क्षेत्रों के लिए बुधवार को रेड अलर्ट जारी किया है। जबकि रायगढ़ जिले में भीषण बारिश की भविष्यवाणी को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। जिला प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए 19 जून को शैक्षणिक संस्थानों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
मुंबई और ठाणे में बुधवार सुबह से ही तेज बारिश जारी है। मौसम विभाग ने पहले जारी यलो अलर्ट को अपग्रेड करते हुए अब ऑरेंज अलर्ट घोषित कर दिया है। मुंबई में आज 70 मिमी से अधिक बारिश की संभावना है। भारी बारिश के कारण मध्य और पश्चिम रेलवे की लोकल सेवाओं की रफ्तार पर भी असर देखने को मिल रहा है।
रायगढ़ में मूसलाधार बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने सभी स्कूल और कॉलेजों को आज बंद रखने का आदेश दिया है। जिले के अलिबाग, रोहा, महाड, पोलादपुर और तला तालुकों में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। कुंडलिका नदी भी चेतावनी स्तर तक पहुंच चुकी है।
पुणे में सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। लोनावला में पिछले 24 घंटों में 221 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस बार अब तक कुल 1166 मिमी बारिश हो चुकी है, जो पिछले साल 323 मिमी के मुकाबले काफी अधिक है। घाट क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों पर भारी बारिश जारी है। इसलिए पर्यटकों के लिए पाबंदी भी लगाई गई है।
कोकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। पुणे, सातारा, कोल्हापुर, नासिक, धुले, नंदुरबार, अकोला, अमरावती, नागपुर, वर्धा, गोंदिया, लातूर, बीड, नांदेड सहित अनेक जिलों में बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने नदी किनारे, पहाड़ी और भूस्खलन संभावित इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पर्यटकों को भी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
राज्य में सक्रिय मानसून ने बारिश की रफ्तार बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। महाराष्ट्र आईएमडी प्रभारी शुभांगी भूते ने कहा, महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, इसका कारण एक चक्रवाती परिसंचरण है जो गुजरात क्षेत्र के पास एक कम दबाव का क्षेत्र है, इसके कारण कोंकण के उत्तरी क्षेत्र में अच्छी बारिश होगी, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी में बहुत भारी बारिश होगी... मुंबई में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। अगर पूरे महाराष्ट्र की बात करें तो घाट क्षेत्र में बारिश ज्यादा होगी और मैदानी क्षेत्र में कम बारिश होगी।
Published on:
19 Jun 2025 02:15 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
