
Mumbai Rain Update Today : मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी: मुंबई, ठाणे और पालघर में अगले 3 घंटे भारी, ऑरेंज अलर्ट जारी(फोटो सोर्स: ANI)
Mumbai Rain Update Today: मुंबई: मायानगरी मुंबई और उससे सटे उपनगरों के लिए अगले कुछ घंटे बेहद भारी साबित हो सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) मुंबई ने एक ताजा 'नाउकास्ट' (तत्काल) चेतावनी जारी करते हुए मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert in Mumbai Thane) घोषित किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 3 घंटों के भीतर इन क्षेत्रों के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से अत्यंत तीव्र गति (Moderate to Intense spells) से बारिश होने की पूरी आशंका है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और पूरी सावधानी बरतें।
मुंबई के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह एक बार फिर तेज बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और सड़क यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के कई इलाकों में 140 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। हालाँकि दो दिन बाद पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को राहत जरुर मिली है।
बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 2 जुलाई सुबह 8 बजे से 3 जुलाई सुबह 6 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश मांडवी फायर स्टेशन में 150.2 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद मलबार हिल में 145.8 मिमी, बी वार्ड कार्यालय में 140.8 मिमी, मेमनवाड़ा फायर स्टेशन में 140.2 मिमी और म्युनिसिपल हेड ऑफिस में 139.2 मिमी बारिश हुई।
वहीं, पश्चिमी उपनगर (Western Suburbs) में अंधेरी के मालपा डोंगरी म्युनिसिपल स्कूल में 136.6 मिमी, के-ईस्ट वार्ड कार्यालय में 134.6 मिमी, वर्सोवा पंपिंग स्टेशन में 128.8 मिमी तथा अंधेरी फायर स्टेशन में 128.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी उपनगर (Eastern Suburbs) में सबसे अधिक 124 मिमी वर्षा पवई के पासपोली म्युनिसिपल स्कूल में दर्ज हुई, जबकि मानखुर्द फायर स्टेशन पर 117.8 मिमी, एस वार्ड कार्यालय में 116.2 मिमी और गावनपाड़ा फायर स्टेशन में 115.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 2 बजकर 18 मिनट पर समुद्र में 4.28 मीटर ऊंचा ज्वार आने और इसके बाद देर रात 2 बजकर 09 मिनट पर 3.68 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। लोगों को इस दौरान समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Updated on:
03 Jul 2026 09:51 am
Published on:
03 Jul 2026 09:16 am
