
मुंबई के पास रेल हादसा टला
मुंबई में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रेलवे कर्मचारियों की सूझबूझ से मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया है। दरअसल मीरा रोड स्टेशन पर रेलवे ट्रैक टेढ़ा हो गया था। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस ट्रेन के तेज गति से गुजरने के कारण पटरियां मुड़ गयी। जिस वजह से ट्रेन के डिब्बे कुछ ज्यादा हिल रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के बाद पास में काम कर रहे मजदूरों की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़ी। तभी रेलवे कर्मचारियों ने देखा कि पटरियां टेढ़ी-मेढ़ी हो गयीं हैं। इसके बाद घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। यदि कर्मचारी रेलवे ट्रैक पर ध्यान नहीं देते तो संभवत: बड़ा हादसा हो सकता था। यह भी पढ़े-जयपुर एक्सप्रेस फायरिंग मामले में RPF जवान अमय और नरेंद्र बर्खास्त, 4 लोगों की हुई थी हत्या
कर्मचारियों ने दिखाई सूझबूझ
मुंबई के करीब मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर हुई घटना का वीडियो सामने आया है। रविवार शाम 4 बजे प्लेटफार्म नंबर 4 पर से एक एक्सप्रेस ट्रेन तेज़ी से गुजारी। तब मुंबई की ओर जाने वाली एक्सप्रेस के डिब्बे सामान्य से ज्यादा हिलते दिखे तो रेलवे कर्मचारियों को संदेह हुआ। जब पास जाकर देखा तो रेल पटरी मुड़ी हुई थी। इसके बाद घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। रेलवे पुलिस बल के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।
इस दौरान मीरारोड से चर्चगेट जाने वाली लोकल ट्रेन आ गई। जिसे तुरंत रुकवाया गया। जहां रेलवे ट्रैक मुड़ा था, उससे ठीक पहले लोकल को रोका गया। फिर उसमें सवार यात्रियों को उतार दिया गया। इसके बाद खाली लोकल ट्रैक 10 किमी की रफ्तार से पटरी से गयी। इससे बड़ा हादसा टल गया और सभी ने राहत की सांस ली।
इसके बाद रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पटरियों के बीच पत्थर कम होने के कारण यह घटना घटी। बाद में रेलवे ट्रैक की मरम्मत होने तक इस लाइन पर दो घंटे तक यातायात बंद रखा गया।
मीरा रोड रेलवे स्टेशन पर पटरियों का काम पहले से ही चल रहा है। इसलिए यहां से जाने वाली ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, मीरा रोड स्टेशन के बीच चल रहे रेलवे ट्रैक के काम के चलते यहां ट्रेनों की स्पीड कम रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके मुताबिक, स्टेशन के आसपास ट्रेनें सिर्फ 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं। लेकिन फिर भी यह हादसा कैसे हो गया, इसकी जांच कराई जा रही है।
Published on:
11 Mar 2024, 4:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.