
महाराष्ट्र में गुलाबी ठंड की दस्तक!
Mumbai Weather Forecast: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी शीतलहर का असर देखने को मिलेगा और आज रात से शहर में ठंड काफी बढ़ेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, मुंबई के साथ-साथ राज्य के बाकी हिस्सों में इस वीकेंड अच्छी ठंडी पड़ेगी, जबकि कुछ स्थानों पर लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। आईएमडी (IMD) ने इस सप्ताह के अंत में मुंबई के तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान जताया है। जबकि सोमवार को पारा 11 डिग्री सेल्सियस तक लुढक सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि मुंबई में वीकेंड में तापमान में गिरावट आएगी और सोमवार को इसके 11 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने की उम्मीद है। आईएमडी कोलाबा (IMD Colaba) के एक अधिकारी ने कहा कि देश के उत्तरी हिस्से के शीतलहर का असर शहर में देखने को मिलेगा। यह भी पढ़े-मुंबई में वीकेंड पर बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग ने की पारा 14 डिग्री से नीचे गिरने की भविष्यवाणी
आईएमडी कोलाबा की अधिकारी सुषमा नायर ने कहा, “शुक्रवार रात से शहर में शुष्क उत्तरी हवाओं के कारण ठंड रातें शुरू हो जाएंगी। देश के उत्तरी क्षेत्र में पहले ही बर्फबारी शुरू हो चुकी है और विभिन्न क्षेत्रों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। मुंबई भी इस शीतलहर के प्रभाव का अनुभव करेगी।”
आईएमडी के अनुसार, 14-17 जनवरी को मुंबई में न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के बीच और अधिकतम तापमान 26 डिग्री और 29 डिग्री के बीच रहेगा। हालांकि, महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों विशेष रूप से अंदरूनी इलाकों में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
गुरुवार को मुंबई के सांताक्रूज में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री और अधिकतम 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। कोलाबा में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री दर्ज किया गया।
मुंबई में तापमान में गिरावट के साथ ही हवा की गुणवत्ता भी ख़राब होने की संभावना जताई गई है। जिस वजह से सुबह और शाम शहर में धुंध (Smog) छा सकता है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार, मुंबई का AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक) गुरुवार को 293 'खराब' श्रेणी में था। सफर ने भविष्यवाणी की है कि मुंबई अगले दो दिनों तक हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में बनी रहेगी।
Published on:
13 Jan 2023 07:42 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
