
मुंबई में भारी बारिश से जलमग्न हुई सड़के
Mumbai Weather News: मुंबई पर मॉनसून मेहरबान नजर आ रहा है। रात से ही शहर के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। जिस वजह से शहर के निचले इलाकों में जलभराव भी हुआ और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो मुंबईवासियों की जल्दी राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि आज मुंबई समेत कोंकण क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र के निकटवर्ती पश्चिमी घाट इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को मुंबई और उसके उपनगरों में 'मध्यम बारिश' और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। आधिकारिक बयान में कहा गया है, "सक्रिय मानसून की स्थिति के कारण अगले 2-3 दिनों के दौरान कोंकण के कुछ हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र के आसपास के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।" यह भी पढ़े-Mumbai Rains: मुंबई में अगले 4-5 दिन होगी मूसलाधार बारिश, बाढ़ का खतरा, BMC ने अधिकारियों को किया अलर्ट
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD Mumbai) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में 31 मिमी और पूर्वी उपनगरों और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 45 मिमी और 61 मिमी बारिश हुई।
घर का हिस्सा ढहा
अधिकारियों ने कहा कि पानी भरने की वजह से कमानी जंक्शन सहित मुंबई के कुछ हिस्सों में सड़क यातायात बाधित हुआ और शुक्रवार सुबह लोकल ट्रेन सेवाएं कुछ हद तक प्रभावित हुई है। वहीँ, मुंबई में असल्फा मेट्रो स्टेशन के पास एक घर का हिस्सा गिर गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर अंदर फंसे एक व्यक्ति को बचाया। गुरुवार को मुंबई के कांदिवली (ईस्ट) में अशोक नगर में स्लैब गिरने से एक 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी।
अंधेरी सबवे बंद
मुंबई में लगातार बारिश से कई जगहों पर जलभराव से सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। यहां तक कि वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर यातायात धीमा है और वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि जलजमाव के कारण अंधेरी सबवे (Andheri Subway Closed) को बंद किया गया है, जबकि यहां के ट्रैफिक को विले पार्ले ब्रिज और कैप्टन गोर मार्ग एसवी रोड की ओर डाइवर्ट किया जा रहा है।
लोकल ट्रेन लेट
मुंबई लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ी है और शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही है। हालांकि रेलवे ने कहा की लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य चल रही हैं।
मुंबई में 6 दिनों में हुई बंपर बारिश
इस बीच, आईएमडी के आंकड़ों से पता चला है कि मुंबई में इस महीने अब तक दर्ज की गई 95 प्रतिशत से अधिक बारिश 24 से 29 जून के बीच हुई है। हालांकि पिछले छह दिनों में भारी बारिश के बावजूद शहर में इस महीने औसत बारिश में कमी दर्ज की गई है। दक्षिण मुंबई के कोलाबा ऑब्जर्वेटरी में जून महीने की सामान्य बारिश 542.3 मिमी है। जबकि इस साल 395 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसमें 24 से 29 जून के बीच 371.4 मिमी बारिश हुई।
वहीँ, उपनगरों की बात करें तो सांताक्रूज मौसम केंद्र की जून के लिए सामान्य बारिश 537.1 मिमी है। इस साल 1 से 29 जून के बीच 502.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसमें 24 से 29 जून के बीच हुई 485 मिमी बारिश भी शामिल है। मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 11 जून की सामान्य तारीख की बजाय 25 जून को दस्तक दी।
Published on:
30 Jun 2023 12:50 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
