
Mumbai Boat Capsize : मुंबई में बुधवार को एक निजी बोट के पलटने से भीषण हादसा हो गया। गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जा रही नीलकमल बोट दोपहर करीब 4 बजे अरब सागर में पलट गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की खबर है। जिनमें 10 नागरिक और 3 नौसेना कर्मी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि आज दोपहर करीब 3.55 बजे नौसेना की एक स्पीड बोट नीलकमल नाम के यात्री नाव से टकरा गई। इस हादसे में 101 लोगों को बचाया गया है और 13 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख दिए जाएंगे।
इंडियन नेवी ने बयान जारी कर कहा, "आज दोपहर में भारतीय नौसेना का एक जहाज मुंबई हार्बर में इंजन परीक्षण के दौरान इंजन में खराबी के कारण नियंत्रण से बाहर हो गया। परिणामस्वरूप उसकी एक यात्री बोट से टक्कर हो गई, जो बाद में पलट गई।"
पुलिस के मुताबिक, नीलकमल नौका मुंबई के नजदीक स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल एलीफेंटा द्वीप जा रही थी तभी शाम करीब चार बजे नेवी की स्पीड बोट उससे टकरा गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि स्पीड बोट के चालक ने नियंत्रण खो दिया था, इस वजह से वह यात्रियों से भरी बोट से टकरा गई। नाव दोपहर करीब 3.15 बजे एलीफेंटा के लिए रवाना हुई थी।
भारतीय नौसेना के अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब समुद्र में ट्रायल के दौरान नेवी की स्पीड बोट नियंत्रण से बाहर हो गई और यात्री नौका से टकरा गई। नेवी की स्पीड बोट का इंजन हाल ही में बदला गया था और आज नए इंजन का परीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान इंजन पूरी तरह से बंद हो गया और स्पीड बोट नियंत्रण से बाहर हो गई और नीलकमल बोट से टकरा गई।
अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय स्पीड बोट में नेवी के 2 कर्मी और इंजन की आपूर्ति करने वाली कंपनी के 4 सदस्यों सहित 6 लोग सवार थे। जबकि नीलकमल में चालक दल के पांच सदस्यों के अलावा 80 वयस्क यात्री सवार थे। नौका पर मौजूद बच्चों की संख्या का पता लगाया जा रहा है, क्योंकि उन्हें टिकट जारी नहीं किए गए थे। अभी तलाशी अभियान जारी है।
नौसेना और तटरक्षक बल ने घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। बचाव अभियान में नौसेना की 11 नाव, मरीन पुलिस की तीन नाव और तटरक्षक बल की एक नाव इस्तेमाल की जा रही हैं। इसके अलावा चार हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं।
Updated on:
18 Dec 2024 09:16 pm
Published on:
18 Dec 2024 08:48 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
