12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

NEET 2026: नासिक से उत्तराखंड तक फैला जाल! नीट पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, 23 लाख छात्र प्रभावित

NEET UG Paper Leak news: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई नीट-यूजी परीक्षा रद्द कर दी है। इस परीक्षा में लगभग 23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अब नीट-यूजी परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 12, 2026

NEET UG 2026 paper leak case

नीट पेपर लीक के तार कई राज्यों से जुड़े (Photo: IANS/File)

देश भर में 3 मई को आयोजित की गई मेडिकल की नीट यूजी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। यह परीक्षा एमबीबीएस में दाखिले के लिए थी। लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इसे (NEET-UG 2026) रद्द कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी जिसकी नई तारीखें बाद में घोषित होंगी। इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। अब तक 10 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले के तार महाराष्ट्र के नासिक से भी जुड़ रहे है। खबर है कि एक आरोपी को नासिक से हिरासत में लिया गया है।

नीट पेपर लीक में बड़ा खुलासा, कई राज्यों से जुड़े तार

जांच एजेंसियों को शक है कि नीट यूजी पेपर लीक के पीछे कोई संगठित मल्टी-स्टेट नेटवर्क हो सकता है। जिसके देश भर में फैले होने के संकेत मिल रहे हैं। पेपर लीक को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो शुरुआती जांच में बेहद हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि कथित पेपर पहले नासिक से लीक हुआ, फिर हरियाणा, राजस्थान और आगे जम्मू-कश्मीर, बिहार, केरल और उत्तराखंड तक गया। कई राज्यों की पुलिस भी इस मामले की जांच में जुटी हुई है और संदिग्धों की धरपकड़ जारी है।

नीट परीक्षा की गई रद्द, NTA ने क्या कहा

गौरतलब हो कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद मंगलवार को नीट यूजी परीक्षा को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रद्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नीट परीक्षा में पूछे गए कई प्रश्न परीक्षा होने से पहले ही लीक हो गए थे। अब इस पूरे मामले की जांच सीबीआई ने शुरू कर दी है। एनटीए परीक्षा से जुड़े सारे दस्तावेज व अन्य जानकारियां सीबीआई को दे रही है।

23 लाख अभ्यर्थी हुए थे शामिल

नीट यूजी परीक्षा 3 मई को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में इस वर्ष लगभग 23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। एजेंसी ने कहा कि 8 मई को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था। केंद्रीय एजेंसियों ने इस संबंध में जानकारी साझा की थी। जिसके बाद नीट यूजी परीक्षा रद्द कर दी गई।

NTA ने अभ्यर्थियों को दी ये राहत

नीट-यूजी 2026 परीक्षा दोबारा से ली जाएंगी। फिलहाल परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की गई है। लेकिन एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 चक्र में छात्रों द्वारा किया गया रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवार की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली नीट यूजी परीक्षा में मान्य रहेंगे। जिन छात्रों ने नीट परीक्षा के लिए आवेदन किया था ऐसे छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरुरत नहीं होगी। पहले आवेदन कर चुके या परीक्षा में शामिल हो चुके छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी। छात्रों की सहायता के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 जारी किया है।