
25 गाड़ियों के काफिले के साथ नाले साफ करने पहुंचे मुंबई BJP अध्यक्ष
BJP vs Congress Mumbai: पश्चिम एशिया में युद्ध के मंडराते बादलों और ईंधन संकट की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सादगी और बचत की अपील की है। लेकिन मुंबई में इस अपील के उलट एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारे में भूचाल ला दिया है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के नाला सफाई निरीक्षण के दौरान गाड़ियों के लंबे काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे लेकर कांग्रेस और विपक्ष ने सरकार को आड़े हाथों लिया है।
कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड ने अमित साटम का एक वीडियो साझा करते हुए तीखे सवाल पूछे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ पीएम मोदी जनता को निजी वाहन छोड़कर मेट्रो और बस से चलने की सलाह दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता 25 गाड़ियों के 'शाही' काफिले के साथ नाले की सफाई देखने निकल रहे हैं। वर्षा गायकवाड ने तंज कसते हुए पूछा, 'क्या त्याग की सलाह सिर्फ आम जनता के लिए है?' इसी कड़ी में विधायक रोहित पवार ने भी निशाना साधा और कहा कि शायद भाजपा नेताओं की गाड़ियां पानी पर चल रही हैं। उन्होंने इसे 'लोका सांगे ब्रह्मज्ञान, स्वतः कोरडे पाषाण' (दूसरों को उपदेश, खुद शून्य) वाली स्थिति करार दिया।
आरोपों पर पलटवार करते हुए अमित साटम ने इसे विपक्ष का 'केविलवाणा' (दयनीय) प्रयास बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि
यह नालों की सफाई का एक आधिकारिक दौरा था, जिसमें मंत्री, विधायक और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
काफिले में केवल 7-8 गाड़ियां थीं। सड़क पर चल रहे अन्य सामान्य वाहनों को भी काफिले का हिस्सा बताकर '25 गाड़ियों' का झूठ फैलाया जा रहा है। साटम ने रोहित पवार पर पलटवार करते हुए कहा कि वे संघर्ष से यहां तक पहुंचे हैं, न कि किसी बड़ी कंपनी के सीधे सीईओ बनकर।
दरअसल, ईंधन की सीमित उपलब्धता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने, अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचने, खाद्य तेल की खपत कम करने और विदेश यात्राएं टालने की अपील की थी। उन्होंने शादियों के लिए विदेश जाने के बजाय भारत में ही विवाह समारोह आयोजित करने की भी सलाह दी थी। प्रधानमंत्री की इन अपीलों के बीच मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम का बड़े काफिले के साथ दौरा विपक्ष के निशाने पर आ गया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार की कथनी और करनी पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं आम नागरिकों और व्यापारियों के बीच आर्थिक मंदी को लेकर चिंता भी बढ़ती दिखाई दे रही है।
Updated on:
12 May 2026 05:05 pm
Published on:
12 May 2026 05:02 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
