10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

New Station: ठाणे-मुलुंड के बीच नए स्टेशन को हरी झंडी, जानें नाम, बजट और कैसे होगा फायदा

New Railway Station Thane Mulund: ठाणे और मुलुंड स्टेशनों के बीच एक नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। कुछ ही महीनों में निर्माण कार्य शुरू हो सकता है। ठाणे स्टेशन रोजाना 6 लाख से अधिक यात्रियों को संभालता है। ऐसे में नया स्टेशन इस बोझ को कम कर यात्रियों को बड़ी राहत देगा।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 10, 2026

Thane and Mulund new station Anand Dighe

ठाणे और मुलुंड स्टेशन के बीच बनेगा नया स्टेशन, आनंद दिघे हो सकता है नाम (Photo: IANS/File)

मुंबई लोकल ट्रेन के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय रेल मंत्रालय ने ठाणे और मुलुंड स्टेशन के बीच एक नए उपनगरीय रेलवे स्टेशन के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस नए स्टेशन के बनने से ठाणे, घोड़बंदर, पोखरण रोड और वागले एस्टेट और आस-पास के इलाके के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस मंजूरी की जानकारी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि नया स्टेशन मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) की परिवहन व्यवस्था को और अधिक तेज, सुगम और आधुनिक बनाएगा।

सीएम फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को धन्यवाद दिया-

ठाणे और मुलुंड स्टेशन पर कम होगा दबाव

अधिकारिक अनुमान के मुताबिक, नए स्टेशन के शुरू होने के बाद ठाणे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ में करीब 31 प्रतिशत और मुलुंड स्टेशन पर लगभग 24 प्रतिशत की कमी आ सकती है।

फिलहाल ठाणे रेलवे स्टेशन पर रोजाना 6 लाख से ज्यादा यात्री सफर करते हैं, जिसके चलते खासकर पीक आवर्स में यहां भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यह नया स्टेशन मध्य रेलवे के सबसे व्यस्त रूट पर राहत देने वाला बड़ा प्रोजेक्ट माना जा रहा है।

2019 में तैयार हुई थी योजना

इस नए स्टेशन का निर्माण विशेष रूप से ठाणे शहर के तेजी से विकसित हो रहे विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इस परियोजना की अवधारणा पहली बार वर्ष 2019 में सामने आई थी।

प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य मध्य रेलवे की ओर से किया जाएगा, जबकि इसकी फंडिंग ठाणे स्मार्ट सिटी लिमिटेड करेगी। रेलवे ट्रैक, प्लेटफॉर्म और मुख्य रेल ढांचे का निर्माण रेलवे करेगा, जबकि स्टेशन के आसपास के सर्कुलेटिंग एरिया का काम स्मार्ट सिटी निकाय संभालेगी। नए स्टेशन में यात्रियों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग, डेक और बस टर्मिनल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

120 करोड़ से बढ़कर 245 करोड़ पहुंची लागत

शुरुआत में इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 120 करोड़ रुपये थी, लेकिन अब यह बढ़कर 245 करोड़ रुपये से ज्यादा होने की संभावना है।

ठाणे मेंटल हॉस्पिटल की जमीन पर बनेगा स्टेशन

यह नया स्टेशन लगभग 14.83 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा, जो मूल रूप से ठाणे मेंटल हॉस्पिटल की थी। बॉम्बे हाई कोर्ट की अनुमति के बाद साल 2023 में यह जमीन रेलवे को ट्रांसफर कर दी गई थी।

फंडिंग की वजह से अटका था प्रोजेक्ट

जानकारी के अनुसार, ठाणे स्मार्ट सिटी संस्था के पास फंड की कमी होने के कारण यह परियोजना लंबे समय तक अटकी रही। बाद में ठाणे के शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने केंद्रीय रेल मंत्रालय से आर्थिक मदद की मांग की थी, जिसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ।

क्या होगा नए स्टेशन का नाम?

अब सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद मध्य रेलवे विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करेगा। जिसके बाद अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

गौरतलब हो कि इसी साल मार्च में ठाणे महानगरपालिका (TMC) ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर इस नए स्टेशन का नाम दिवंगत शिवसेना नेता आनंद दिघे (Anand Dighe Station) के नाम पर रखने का निर्णय लिया।