
ट्रेन की फाइल फोटो: पत्रिका
गर्मी की छुट्टियों में उत्तर भारत की ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर और गोरखपुर से रतलाम के बीच विशेष किराए पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से मुंबई, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्रियों को फायदा होगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी और इसमें जनरल सेकेंड क्लास कोच लगाए जाएंगे।
ट्रेन संख्या 09157 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल रविवार 10 मई को रात साढ़े 12 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम साढ़े 5 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी मार्ग और मध्य प्रदेश के यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 09158 गोरखपुर से रतलाम के बीच चलाई जाएगी। यह स्पेशल ट्रेन सोमवार 11 मई को रात साढ़े 8 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और बुधवार आधी रात के बाद 1 बजे रतलाम पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे आम यात्रियों को विशेष किराए पर सफर करने का मौका मिलेगा।
बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन रास्ते में सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इनमें बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, बयाना, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद स्टेशन शामिल हैं।
वहीं गोरखपुर-रतलाम स्पेशल ट्रेन भी रूट के सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
गर्मी के मौसम में उत्तर भारत जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। खासकर मुंबई से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में काफी परेशानी होती है। ऐसे में रेलवे की यह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन के ठहराव और समय की विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट enquiry.indianrail.gov.in पर विजिट करें। चूंकि यह एक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे स्टेशन पर समय से पहले पहुंचकर टिकट प्राप्त कर नंबर लगा लें।
Updated on:
10 May 2026 04:55 pm
Published on:
10 May 2026 04:55 pm
