
file photo naveen patnaik
(पत्रिका ब्यूरो,ओडिशा): ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल मुंबई में 8 अगस्त को आयोजित निवेशकों के सम्मेलन में शिरकत करेगा। इसमें बड़े कारोबारी भाग लेंगे। सीएम का यह दौरा 11 से 15 तक भुवनेश्वर में मेक इन ओडिशा कॉनक्लेव की संभावित कामयाबी की नींव रखने की नजर से देखा जा रहा है।
मेक इन ओडिशा के मौके पर राज्य की औद्योगिक ग्रोथ बढ़ाने का लक्ष्य सरकार ने तय कर रखा है। उल्लेखनीय है कि ओडिशा ईज आफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में 11वें से 14 पायदान पर आ गया था । यह रैंकिंग विश्व बैंक के सहयोग से निकाली गई थी । इसके बाद नवीन के औद्योगिक विकास के प्रयासों पर विपक्ष ने सवालिया निशान लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी ।
ओडिशा विकास के लिए मुख्यमंत्री के प्रयास उक्त रैंकिंग के मद्देनजर महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं। इसी साल भुवनेश्वर में होने वाली मेक इन ओडिशा कान्क्लेव का आयोजन और निवेशकों का आगमन नवीन पटनायक सरकार की परीक्षा होगी। इस का इम्पैक्ट चुनाव पर भी पड़ सकता है । इसे मेक इन ओडिशा द्वितीय कान्क्लेव का नाम दिया गया है ।
मेक इन ओडिशा-प्रथम 2016 में आयोजित किया गया था जिसमें 2.3 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव सरकार को मिले थे। द्वितीय के आमंत्रण कार्ड वितरित किए जा रहे हैं । मुंबई में निवेशकों की मीट में जाकर कारोबारियों से मिलने जुलने के मौके के साथ ही उन्हें ओडिशा आमंत्रित भी किया जाएगा । मुख्यमंत्री ने यह काम खुद हाथ में लिया है । सूत्र की मानें तो फिक्की या एसोचैम उनका सहयोगी चैंबर हो सकता है ।
Published on:
4 Aug 2018, 8:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.