23 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उद्धव की आखिरी उम्मीद भी टूटी! फडणवीस और शिंदे ने किया ‘ऑपरेशन टाइगर’ के सफल होने का ऐलान

Operation Tiger: महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे सफल बताया है, जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि जल्द ही बड़ी ब्रेकिंग न्यूज सामने आएगी। शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों की बगावत की चर्चाओं के बीच उद्धव ठाकरे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jun 22, 2026

Shiv Sena UBT Uddhav Thackeray

'ऑपरेशन टाइगर' सफल, शिवसेना (UBT) में बड़ी फूट! (Photo: IANS/File)

Shiv Sena UBT Split: महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को ऐसे बयान दिए, जिससे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) खेमे की चिंता और बढ़ गई है। फडणवीस ने साफ कहा कि ऑपरेशन सफल रहा है, जबकि शिंदे ने दावा किया कि वह कोई भी ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते और जल्द ही बड़ी सियासी ब्रेकिंग न्यूज सामने आएगी।

फडणवीस बोले- ऑपरेशन सफल, सब कुछ ठीक है

रविवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा, “ऑपरेशन सफल है और जिस पर ऑपरेशन हुआ है, वह भी सुरक्षित है।” उनके इस बयान को राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से चर्चा है कि उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) के 9 में से छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इसी अभियान को राजनीतिक गलियारों में ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया गया है।

शिंदे का बड़ा दावा, कहा- जल्द मिलेगी अच्छी खबर

उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने भी ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह कभी भी कोई ऑपरेशन अधूरा नहीं छोड़ते।

शिंदे ने कहा, “जब भी मैं कोई ऑपरेशन शुरू करता हूं, उसे पूरा करके ही छोड़ता हूं। ऑपरेशन टाइगर पूरी तरह फूलप्रूफ है। इसका अनुभव आप पहले भी कर चुके हैं। जल्द ही आपको एक बड़ी ब्रेकिंग न्यूज मिलेगी।”

उन्होंने ठाकरे गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि दिन में सांसदों को अपमानित किया जाता है और रात में उन्हें मनाने की कोशिश की जाती है। शिंदे ने यह भी दावा किया कि ऑपरेशन टाइगर को लेकर फैलाई जा रही कई बातें सिर्फ अफवाह हैं और जल्द ही अच्छी खबर सामने आएगी।

छह सांसदों की गैरहाजिरी से शुरू हुई थी चर्चा

18 जून को दिल्ली में हुई शिवसेना (यूबीटी) संसदीय दल की बैठक में पार्टी के छह सांसद शामिल नहीं हुए थे। इनमें संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, नागेश पाटिल-अष्टीकर और ओमराजे निंबालकर शामिल थे।

इन सांसदों की गैरमौजूदगी के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि वे एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि छह सांसद एक साथ पाला बदलते हैं तो दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता से बचने के लिए आवश्यक दो-तिहाई संख्या पूरी हो जाएगी।

ओमराजे निंबालकर को मनाने में जुटा ठाकरे गुट

बढ़ती अटकलों के बीच ठाकरे गुट ने धाराशिव (उस्मानाबाद) के सांसद ओमराजे निंबालकर को मनाने की कोशिशें तेज कर दी थीं। शनिवार देर रात शिवसेना (यूबीटी) नेता कैलास पाटिल और वरुण सरदेसाई पुणे स्थित उनके आवास पहुंचे और करीब एक घंटे तक चर्चा की।

इस दौरान उद्धव ठाकरे ने भी फोन पर ओमराजे निंबालकर से बात की और उनकी राजनीतिक भूमिका जानने की कोशिश की। इस दौरान निंबालकर ने ठाकरे से कहा, आपने ही मुझे राजनीति में बड़ा किया है। आज मैं जो कुछ भी हूं, सांसद हूं, वह सिर्फ आपकी और शिवसेना पार्टी की बदौलत हूं। मैंने अभी फैसला नहीं लिया है। इससे उद्धव खेमे में कुछ उम्मीद जगी थी।

हालांकि, रविवार तक शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी माने जा रहे सांसदों में से कम से कम दो सांसदों ने यह पुष्टि कर दी कि वे शिंदे गुट के साथ जा चुके हैं। इसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।