
हिना खान ने कैंसर के इलाज के दौरान रॉकी जायसवाल संग शादी की (सोर्स: instagram-Hinakhan)
Hina Khan cancer journey: टीवी एक्ट्रेस हिना खान और रॉकी जायसवाल ने अपने रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। हिना जब स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर का इलाज करा रही थीं, उस दौरान दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। हालांकि, उनकी शादी को लेकर कुछ लोगों ने इसे पब्लिसिटी स्टंट तक बताया। अब हिना और रॉकी ने अपने पॉडकास्ट 'पीओवी' में इन बातों पर खुलकर जवाब दिया है और बताया कि बीमारी के दौरान उनके रिश्ते पर क्या गुजरी।
हिना ने साफ कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग उनकी शादी के बारे में क्या सोचते हैं, क्योंकि वो और रॉकी अपनी सच्चाई जानते हैं। वहीं, रॉकी ने कहा कि लोगों को झूठ पर यकीन करने की इतनी आदत हो गई है कि उन्हें लगा कि दोनों ने किसी शो के लिए शादी की है।
हिना और रॉकी 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर मिले थे और लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे। हिना ने बताया कि दोनों करीब 13-14 साल से साथ थे, लेकिन शादी नहीं की थी। उनके अनुसार, शादी का फैसला अचानक नहीं लिया गया था, बल्कि इसकी तैयारी कई महीने पहले से चल रही थी।
हिना ने बताया कि उनकी शादी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुई और इसके लिए कई चीजें पहले से तय करनी पड़ी थीं। उन्होंने कहा कि दोनों ने शादी इसलिए की क्योंकि उन्हें भविष्य का भरोसा नहीं था और उन्हें नहीं पता था कि अगला दिन क्या लेकर आएगा।
कैंसर के इलाज के समय अपने रिश्ते के मुश्किल दौर को याद करते हुए हिना ने बताया कि उस समय सिर्फ उनकी सेहत ही चिंता की वजह नहीं थी। रॉकी की मां की तबीयत भी खराब थी और दोनों को एक साथ कई मुश्किल परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। साथ ही, हिना ने ये भी कहा कि इन हालात में कई बार उन्होंने रॉकी से किसी और से शादी करने तक के लिए कहा। उन्हें लगता था कि उनकी बीमारी के बाद शायद बहुत सी चीजें पहले जैसी नहीं रहेंगी। हिना के मुताबिक, वो रॉकी से इतना प्यार करती हैं कि अगर वो किसी और के साथ खुश होते तो उन्हें उसके लिए भी खुशी होती।
उन्होंने कहा कि ये उनके प्यार को परखने की कोशिश नहीं थी, बल्कि वो चाहती थीं कि रॉकी अपनी जिंदगी के लिए सही फैसला लें। लेकिन रॉकी ने हर अच्छे-बुरे समय में उनके साथ रहने का फैसला किया।
हिना खान ने आगे ये भी बताया कि बीमारी के दौरान उन्हें कई कठिन फैसले लेने पड़े। उनके मुताबिक, जो लोग उस वक्त उनके साथ रहे, वे जानते हैं कि रॉकी की मौजूदगी ने उनके लिए उस दौर को कितना आसान बनाया।
एक्ट्रेस ने कहा कि उनके रिश्ते में मुश्किलें आपसी कंपैटिबिलिटी की वजह से नहीं आईं, बल्कि जिंदगी की परिस्थितियों ने उन्हें चुनौती दी। कैंसर और रॉकी की मां की बीमारी जैसे हालात ने दोनों को इमोशनली तोड़ दिया था।
अपनी शादी के एक वीडियो में हिना ने भी इस रिश्ते को लेकर अपनी भावनाएं शेयर की थीं। उन्होंने कहा था कि प्यार पाना खूबसूरत है, लेकिन अपनी जिंदगी में इतनी अनिश्चितताओं के बीच किसी का आपको आपकी कमियों के साथ अपनाना उससे भी बड़ी बात है। इसके साथ ही, हिना ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि अगले दिन क्या होगा, ऐसे समय में रॉकी का उन्हें उनकी पूरी जिंदगी और कमियों के साथ स्वीकार करना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं था।
एक्सपर्ट के मुताबिक, गंभीर बीमारी किसी व्यक्ति की अपनी पहचान और आत्मनिर्भरता की भावना को भी प्रभावित कर सकती है। जो व्यक्ति पहले खुद को स्वतंत्र मानता था, वो अचानक दूसरों पर निर्भर होने या बोझ बनने से डर सकता है।
ऐसे में पार्टनर को छोड़ने की बात हमेशा रिश्ता खत्म करने की इच्छा नहीं होती। कई बार इसके पीछे अपने साथी को मुश्किल भविष्य से बचाने का डर होता है। ऐसे हालात में बहस करने के बजाय पार्टनर की भावनाओं को सुनना, उनके डर को समझना और लगातार साथ मौजूद रहना ज्यादा मददगार हो सकता है।
Updated on:
13 Aug 2026 06:15 pm
Published on:
13 Aug 2026 06:15 pm
