11 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिवंगत अजीत दादा के बेटे सांसद पार्थ पवार की 29 जुलाई को होगी सगाई, कश्मीरी मॉडल कायनात धर बनेंगी बहू

Parth Pawar engagement: दिवंगत नेता अजीत पवार के बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार जल्द रचाएंगे शादी। कश्मीरी मॉडल और बिजनेसवुमन कायनात धर बनेंगी पवार परिवार की बहू, 29 जुलाई को पुणे में होगा भव्य सगाई समारोह।
2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Imran Ansari

Jul 11, 2026

Parth Pawar engagement

सांसद पार्थ पवार की 29 जुलाई को होगी सगाई, फोटो सोर्स -ANI

Parth Pawar marriage Kaynat Dhar:महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों और पवार परिवार से एक बड़ी और सुखद खबर सामने आ रही है। दिवंगत नेता अजीत पवार और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे व राज्यसभा सांसद पार्थ पवार जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। पार्थ पवार की सगाई (साखरपुड़ा) का भव्य समारोह आगामी 28 और 29 जुलाई को पुणे के एक निजी फार्महाउस में आयोजित किया जाएगा। पार्थ पवार अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड और कश्मीरी मॉडल कायनात धर के साथ सात फेरे लेंगे।

रेवती सुले की शादी में पहली बार सामने आईं कायनात धर

हाल ही में राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार की नातिन और सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले का विवाह समारोह संपन्न हुआ था। इस शादी के दौरान पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार के साथ पारंपरिक मराठी पोशाक में नजर आईं एक खूबसूरत युवती ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। वह युवती कोई और नहीं बल्कि कायनात धर ही थीं। उसी समय से कयास लगाए जा रहे थे कि कायनात जल्द ही पवार परिवार की बड़ी बहू बनने वाली हैं, जिस पर अब मुहर लग गई है।

पिता अजीत पवार के निधन के 6 महीने बाद मांगलिक कार्य

महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का कुछ महीने पहले एक दुखद विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। इस दर्दनाक हादसे के छह महीने बाद पवार परिवार में यह पहला मांगलिक कार्य होने जा रहा है। अजीत दादा के निधन के समय कायनात धर पार्थ को सांत्वना देने के लिए बारामती और मुंबई में आयोजित शोक सभाओं में भी शामिल हुई थीं। बताया जा रहा है कि सगाई के बाद दोनों पुणे के ही एक बेहद खूबसूरत फार्महाउस में शादी के बंधन में बंधेंगे।

क्या इस बार भी एक साथ दिखेगा पूरा पवार परिवार?

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में राजनीतिक फूट और विचारधाराओं की लड़ाई के बावजूद, पवार परिवार हमेशा सुख-दुख के पारिवारिक अवसरों पर एक साथ खड़ा नजर आता है। चाहे जय पवार की शादी हो, युगेंद्र पवार का विवाह हो या हाल ही में हुई रेवती सुले की शादी। शरद पवार, सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार समेत पूरा कुनबा एक साथ दिखाई दिया था। अजीत पवार के आकस्मिक निधन पर भी पूरा परिवार एकजुट था। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि पार्थ और कायनात की सगाई में भी राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर पूरा पवार परिवार एक मंच पर नजर आएगा।

कौन हैं कायनात धर और क्या है पार्थ का राजनीतिक सफर?

कायनात धर मूल रूप से कश्मीर की रहने वाली हैं, लेकिन उनकी पूरी पढ़ाई-लिखाई दिल्ली में हुई है। वह एक जानी-मानी मॉडल और सफल व्यवसायी हैं। वर्तमान में वह अपने काम के सिलसिले में दिल्ली और मुंबई दोनों शहरों में रहती हैं। वहीं, पार्थ पवार वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। उन्होंने 2019 में पहली बार मावल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि वहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। बाद में मां सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने और राज्यसभा सीट से इस्तीफा देने के बाद, अप्रैल में हुए उपचुनाव में पार्थ पवार जीतकर संसद पहुंचे।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग