6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पुणे में रोहतक जैसा हादसा, बीटेक छात्र के सिर पर गिरा बास्केटबॉल रिंग, हुई मौत

Pune Basketball Court Accident: घटना के बाद कॉलेज कैंपस में तनाव फैल गया। छात्रों का आरोप है कि घायल विपुल को अस्पताल ले जाने में देरी की गई, जो उसकी मौत की बड़ी वजह बनी।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Apr 06, 2026

Engineering Vipul Verma Basketball death

बास्केटबॉल हूप गिरने से बीटेक छात्र की मौत (Photo: Social Media)

महाराष्ट्र के पुणे के तालेगांव इलाके में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक कॉलेज कैंपस में बास्केटबॉल रिंग (होप) गिरने से बीटेक छात्र की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे कैंपस में आक्रोश फैल गया है और पुलिस की तैनाती की गई है।

मृतक छात्र का नाम विपुल वर्मा (Vipul Verma) है। विपुल उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला था और मरीन इंजीनियरिंग के दूसरे वर्ष में पढ़ाई कर रहा था।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह विपुल कॉलेज कैंपस में स्थित बास्केटबॉल कोर्ट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने रिंग पर पुश-अप करने की कोशिश की, तभी अचानक भारी लोहे का पूरा ढांचा टूटकर सीधे उसके सिर पर गिर गया।

देरी से इलाज मिलने का आरोप

हादसे में विपुल के सिर में गंभीर चोट लगी और अधिक खून बहने के कारण वह बेहोश हो गया। कैंपस के छात्रों का आरोप है कि उसे अस्पताल पहुंचाने में देरी भी हुई, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।

बाद में उसे तालेगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छात्रों का गुस्सा, पुलिस तैनात

छात्रों के बढ़ते गुस्से को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त श्वेता खेड़कर ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तालेगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में फिलहाल इस मामले में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उधर, विपुल के माता-पिता को हादसे की जानकारी दे दी गई है और वे पुणे के लिए रवाना हो चुके हैं। एक होनहार छात्र की इस तरह मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा

गौरतलब है कि करीब पांच महीने पहले हरियाणा के रोहतक में भी ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ था, जहां 16 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत हो गई थी। प्रैक्टिस के दौरान जंग लगा पोल सीने पर गिरने से उसकी जान चली गई थी। जांच में सामने आया था कि बास्केटबॉल पोल में जंग लगा था और वह जर्जर हो चुका था, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं की गई।