
Congress Nyay Yatra Guarantee
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) आज महाराष्ट्र के धुले जिले में प्रवेश कर गई है। इस दौरान दोंडाई में राहुल गांधी की विशाल रैली आयोजित की गई। इसके बाद वे धुले शहर में दाखिल हुए। धुले शहर में महिलाओं की एक सभा आयोजित की गई। इस सभा से राहुल गांधी ने ‘नारी न्याय गारंटी’ (Congress Nari Nyay Guarantee) के तहत महिलाओं के लिए पांच बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने मोदी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
महिला आरक्षण लागू करने का वादा करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी जी ने लोकसभा में धूम-धाम से महिलाओं को आरक्षण दिया। लेकिन फिर आपसे कहा गया कि सर्वे के बाद आपको आरक्षण दिया जाएगा और सर्वे 10 साल के बाद होगा। लेकिन जैसे ही कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी, महिलाओं को बिना सर्वे के आरक्षण दिया जाएगा।“ यह भी पढ़े-राहुल गांधी पहुंचे महाराष्ट्र तो बड़े नेता ने छोड़ा कांग्रेस का ‘हाथ’, मुंबई में उठाया ‘कमल’
'मनरेगा का पैसा अरबपतियों को दिया'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, "नरेंद्र मोदी जी ने अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए माफ कर दिया। मनरेगा का एक साल का बजट 65 हजार करोड़ रुपए है। इसका मतलब मोदी जी ने मनरेगा का 24 साल का पैसा अरबपतियों को दे दिया है। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि अगर उनका कर्ज माफ हो सकता है तो किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों का भी कर्ज माफ होना चाहिए।"
राहुल गांधी की ‘नारी न्याय’ की 5 गारंटी क्या है?
• महालक्ष्मी: इसके तहत सभी गरीब परिवार में एक महिला को हर साल सीधे बैंक खाते में 1 लाख रुपए भेजे जाएंगे।
• आधी आबादी, पूरा हक: केंद्र सरकार में सभी नई भर्तियों में आधा हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा। यानी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा।
• शक्ति का सम्मान: इस योजना के तहत आंगनवाड़ी, आशा और मिड-डे मील बनाने वाली महिलाओं के मासिक वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना किया जाएगा।
• अधिकार मैत्री: इसके तहत सभी पंचायत में महिलाओं को उनके हकों के लिए जागरूक करने और जरूरी मदद के लिए अधिकार मैत्री के रूप में एक कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी। जो महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देंगे और इन अधिकारों को लागू करने में मदद करेंगे।
• सावित्री बाई फुले हॉस्टल: इस योजना के तहत देश में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल की संख्या दोगुनी करेगी। भारत सरकार की तरफ से सभी जिला मुख्यालयों में कम से कम एक कामकाजी महिलाओं का हॉस्टल बनवाया जाएगा।
महिलाओं के लिए समृद्धि के द्वार खुलेंगे- राहुल
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "कांग्रेस पांच ऐसी गारंटियां दे रही है जिनसे देश में महिलाओं का जीवन हमेशा के लिए बदल जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य देश की आधी आबादी को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और बराबरी का प्रतिनिधित्व देना है। यह 5 ऐतिहासिक कदम महिलाओं के लिए ‘समृद्धि का द्वार’ खोलने जा रहे हैं।"
बता दें कि इसके पहले कांग्रेस ने भागीदारी न्याय, किसान न्याय और युवा न्याय के तहत कई बड़ी घोषणाएं की हैं।
Published on:
13 Mar 2024 03:26 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
