
अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाले संदिग्ध को लेकर मुंबई पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। सैफ अभी मुंबई के लीलावती अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है। उनकी सर्जरी की गई है। सैफ पर हमले के बाद विपक्ष राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।
विपक्ष ने महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर निशाना साधते हुए आर्थिक राजधानी की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े किए है और पूछा कि क्या मशहूर हस्तियां भी मुंबई में सुरक्षित नहीं हैं। एनसीपी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। लोकसभा सांसद सुले ने कहा, मुंबई में सिक्यूरिटी वाले घर में ऐसी जानलेवा घटनाएं हो रही हैं तो शहर में आम लोग कितने सुरक्षित हैं।
मुंबई कांग्रेस प्रमुख व सांसद वर्षा गायकवाड ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, महाराष्ट्र और मुंबई में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। ऐसी घटनाओं से सवाल उठता है कि क्या मुंबई पुलिस काम करती है? क्या कमिश्नर ऑफिस काम कर रहा है, क्या राज्य के डीजीपी काम कर रहे हैं? क्या गृह विभाग काम कर रहा है?
मुंबई की कानून व्यवस्था की स्थिति पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "कितनी शर्म की बात है कि मुंबई में एक और हाई-प्रोफाइल व्यक्ति पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया, सैफ अली खान पर हमला एक बार फिर मुंबई पुलिस और गृह मंत्री पर सवाल उठाता है... बड़े नामों को निशाना बनाकर मुंबई को कमजोर करने का एक जानबूझकर प्रयास किया जा रहा है।''
इस दौरान उद्धव गुट की नेता ने उस हमले का भी जिक्र किया जिसमें वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई और अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी हुई।
मुंबई पुलिस के डीसीपी (जोन 9) दीक्षित गेदम ने कहा, "बीती रात आरोपी ने सैफ अली खान के घर में घुसने के लिए आग से बचने वाली सीढ़ी का इस्तेमाल किया। यह चोरी के प्रयास का मामला लग रहा है। हम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए काम कर रहे हैं। 10 जांच टीमें मामले पर काम कर रही हैं...बांद्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।"
अभिनेता सैफ अली खान की स्वास्थ्य स्थिति पर लीलावती अस्पताल के डॉ नितिन डांगे ने कहा, "सैफ अली खान को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर हमला करने के बाद सुबह 2 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रीढ़ की हड्डी में चाकू घुसने के कारण उन्हें चोटें आईं...चाकू निकालने के लिए सर्जरी की गई...अब उनकी हालत पूरी तरह से स्थिर है। उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।"
Updated on:
16 Jan 2025 04:28 pm
Published on:
16 Jan 2025 04:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
