
Sanjay Raut on PM Modi : शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी राउत ने कहा कि सीरिया जैसी बगावत भारत में भी हो सकती है।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एक इंटरव्यू में कहा,”...लोकतंत्र की हत्या की जा रही है...प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए, जनता कब तक चुप बैठेगी, जनता की सहनशीलता का अंत कभी न कभी हो जाएगा... जैसे सीरिया में राष्ट्रपति को लोगों ने भगाया, वैसी क्रांति भारत में कभी भी हो सकती है।” भारत की तुलना सीरिया से करने पर बीजेपी नेता राउत पर निशाना साध रहे है।
बाद में पत्रकारों से बात करते हुए शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, "सीरिया में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश हो रही है। विपक्ष को खत्म करने और विपक्षी नेताओं को जेल में डालने की कोशिशें हो रही है। विश्व में इस प्रकार के हालात कभी भी हो सकते हैं। हमें सावधान रहना चाहिए।"
सीरिया में दशकों तक शासन करने वाले बशर अल-असद ने अपनी सरकार के तख्तापलट के बाद रूस में राजनीतिक शरण ली है। बगावत के चलते असद को पिछले हफ्ते देश छोड़कर भागना पड़ा।
इससे पहले संजय राउत ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि राज्यसभा के सभापति सदन नहीं चलाते हैं। वह सर्कस चला रहे हैं। यह व्यक्तिगत लड़ाई नहीं हैं। यह संसद को बचाने की लड़ाई है।
Updated on:
11 Dec 2024, 8:35 PM IST
Published on:
11 Dec 2024, 8:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.