
Raj Kundra Porn Production Case : कथित पॉर्न प्रोडक्शन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को व्यवसायी राज कुंद्रा सहित कई व्यक्तियों के आवासों पर तलाशी ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई और उत्तर प्रदेश में करीब 15 ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
ईडी ने यह तलाशी अभियान मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से कथित अश्लील सामग्री के प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन से संबंधित मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में चलाया है। जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारियों ने आज सुबह 6 बजे से मुंबई के सांताक्रूज स्थित शिल्पा शेट्टी के घर पर जांच शुरू की। ईडी की छानबीन में इस मामले को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल ईडी की टीम सभी अहम दस्तावेजों की जांच कर रही है।
ईडी की जांच कथित पोर्न प्रोडक्शन के सिलसिले में 2021 में कुंद्रा के खिलाफ मुंबई पुलिस द्वारा शुरू किए गए एक मामले से जुड़ी है। राज कुंद्रा को जुलाई 2021 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने भारतीय दंड संहिता (IPC) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में मुंबई की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।
राज कुंद्रा इसके अलावा अजय भारद्वाज से जुड़े बिटकॉइन फ्रॉड से संबंधित एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी जांच के दायरे में हैं। ईडी ने शिल्पा शेट्टी के जुहू फ्लैट को भी अटैच किया है। अधिकारियों ने बताया कि राज कुंद्रा ने बिटकॉइन मामले में प्राप्त अवैध धन का इस्तेमाल इस फ्लैट को खरीदने में किया था, इस फ्लैट को बाद में राज कुंद्रा ने अपनी पत्नी शिल्पा शेट्टी के नाम कर दिया।
मुंबई पुलिस ने फरवरी 2021 में एक पॉर्न रैकेट का भंडाफोड़ किया था। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट ने तब अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस मामले में मुंबई ने अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस के हत्थे चार लोग चढ़े। इनसे पूछताछ हुई तो राज कुंद्रा का नाम सामने आया। इसी के आधार पर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया। राज कुंद्रा पर मॉडल पूनम पांडे, अभिनेत्री और मॉडल शर्लिन चोपड़ा, अभिनेत्री सागरिका शोना सुमन ने भी कई गंभीर आरोप लगाए थे। पोर्नोग्राफी मामले में आर्थर रोड जेल में 69 दिन बिताने के बाद राज कुंद्रा को जमानत मिली थी।
Updated on:
29 Nov 2024 12:38 pm
Published on:
29 Nov 2024 12:11 pm

बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
