
ठाणे, कल्याण-डोंबिवली और मीरा-भायंदर में पानी कटौती (Photo: IANS/File)
Water cut in Thane: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में मानसून में संभावित देरी की आशंका के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अल नीनो (El Nino) और पॉजिटिव इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) के प्रभाव के कारण बारिश कम होने की चिंता जताई जा रही है। इसी को देखते हुए कई इलाकों में पानी आपूर्ति नियंत्रित करने का फैसला लिया गया है।
प्रशासन और जल संसाधन विभाग की हाल ही में हुई बैठक में जल भंडारण सुरक्षित रखने के लिए पानी प्रबंधन योजना लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भायंदर और ठाणे के कई हिस्सों में 24 घंटे की पानी कटौती की घोषणा की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, एमएमआरडीए (MMRDA) के बारवी बांध जल शुद्धिकरण केंद्र से पानी आपूर्ति 7 मई दोपहर 12 बजे से 8 मई दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी। इसी तरह 21 मई दोपहर 12 बजे से 22 मई दोपहर 12 बजे तक भी पानी सप्लाई रोकी जाएगी।
इसका सीधा असर कल्याण-डोंबिवली और मीरा-भायंदर शहरों पर पड़ेगा।
ठाणे नगर निगम (TMC) ने भी शहर के कई हिस्सों में 24 घंटे की पानी कटौती का ऐलान किया है। नगर निगम के अनुसार, महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MIDC) द्वारा जांभुल जल शुद्धिकरण केंद्र में बारवी ग्रेविटी पाइपलाइन 1, 2 और 3 की मरम्मत और अपग्रेडेशन का काम किया जाएगा।
यह जल कटौती 7 मई दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 8 मई दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, दिवा, मुंब्रा और कलवा वार्ड समिति क्षेत्रों में पानी आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि मुंब्रा के वार्ड नंबर 26 और 31 के कुछ हिस्सों को इससे राहत मिल सकती है।
इसके अलावा ठाणे के वागले वार्ड समिति के रूपादेवी पाड़ा, किसान नगर नंबर-2, नेहरू नगर और मनपाडा वार्ड समिति के अंतर्गत लोअर कोलशेत गांव में भी 24 घंटे पानी नहीं आएगा।
ठाणे नगर निगम ने साथ ही कहा है कि पानी सप्लाई बहाल होने के बाद भी एक से दो दिनों तक पानी का दबाव कम रह सकता है। ऐसे में नागरिकों को पहले से पर्याप्त पानी स्टोर करने और उसका सावधानी से उपयोग करने की सलाह दी गई है।
Updated on:
06 May 2026 05:33 pm
Published on:
06 May 2026 05:32 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
