
Maharashtra News: महाराष्ट्र पुलिस इंटरनेशनल मैराथन में दौड़ेंगे हजारों पुलिस वाले
रोहित के. तिवारी
मुंबई. शास्त्रों में कहा गया है कि पहला सुख निरोगी काया। आईजी कृष्ण प्रकाश के जीवन का भी यही फंडा है। वे पुलिस फोर्स को स्वस्थ रखने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उनका मानना है कि स्वस्थ्य व्यक्ति अपने परिवार और देश का विकास कर सकता है। उनका सिद्धांत है कि स्वस्थ रहो, मस्त रहो। सुखी जीवन के लिए स्वस्थ्य का होना आवश्यक है। प्रकाश का मानना है कि पुलिस के जवान और अफसर फिट है तो कानून व्यवस्था भी स्वत: ही हिट रहेगी। उन्हें उन जवानों और अधिकारियों से चिढ़ है, जो फिटनेस पर ध्यान नहीं देते। कृष्ण प्रकाश खुद भी फिट हैं, वे योगा और एक्सरसाइज करते हैं, ताकि पुलिस फोर्स में अपने काम को बेहतर तरीके से अंजाम दे सकें।
आईजी प्रशासन कृष्ण प्रकाश ने महाराष्ट्र पुलिस को फिट रखने के लिए एक अनूठा आयोजन तय किया है वे पुलिसकर्मियों के लिए मैराथन दौड़ करने जा रहे हैं। यह दौड़ 9 फरवरी को आयोजित होगी। मैराथन में पुलिस के जवान और अधिकारी अपना दमखम दिखाएंगे। चार चरणों में आयोजित होने वाली मैराथन 42 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन है, जबकि तीसरी और चौथे चरण की मैराथन क्रमश: 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की होगी।
मैराथन आयोजन को लेकर पत्रिका के वरिष्ठ संवाददाता से बातचीत में कृष्ण प्रकाश कहा कि इस मैराथन से पुलिस कर्मियों की फिटनेस का पता लगेगा, जो फिट हैं, उन्हें अग्रिम पंक्ति में लाया जाएगा और जो अनफिट हैं, उन्हें स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य भर के पुलिस महकमे के डीजी समेत हजारों की संख्या में जवान और अफसर कर्मचारी मैराथन में भाग लेंगे।
बातचीत में सामने आया कि वे कवि दिल हैं और बेहतर स्पोर्टमैन भी हैं। उन्होंने आयरनमैन, अल्ट्रामैन, रेस अक्रॉस वेस्ट में बेहतर उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स के खिताब भी अपने नाम कर भारत का सिर ऊंचा किया है। फिटनेस में वे महाराष्ट्र पुलिस कर्मचारियों के आदर्श भी हैं।
बातचीत के अंश :
- क्या आपको लगता है कि इस आपाधापी में आप लोग अपने स्वास्थ्य को संतुलित रख सकते हैं?
स्वस्थ शरीर आपको सभी कर्तव्यों का प्रथम व मुख्य साधन है। जब शरीर स्वस्थ रहेगा, तभी शरीर में विराजमान आत्मा प्रसन्न रहेगी और तभी हम अपने सभी कर्तव्यों का निर्वहन भी कर सकेंगे। इस लिए बिना किसी बहानेबाजी के आपको व्यायाम करना पड़ेगा, तभी आपका स्वास्थ्य संतुलित रहेगा।
- पुलिस जैसे सख्त पेशे में रहने के बावजूद आपको स्पोर्टस कैसे अपनी ओर खींचता है और इसमें डिपार्टमेंट की क्या भूमिका रहती है ?
देश को स्वस्थ भारत की रचना में पुलिस बल भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का प्रयास कर रही है। ट्रेड फॉर चेंज कॉप, जिसके चलते हम ऐसे मैराथन का ओयजन कर डिपार्टमेंट के समस्त कर्मचारियों और लोगों को दौड़ने व व्यायाम के लिए प्रेरित कर लोक कल्याण का प्रयास कर रहे हैं।
- युवाओं और आने वाली पीढ़ी को आप मैराथन जैसे आयोजनों के माध्यम से क्या संदेश देना चाहते हैं ?
आप अपने जीवन के दौरान मंजिल में दिखने वाले सभी पहलुओं को पूरा कर सकते हैं, क्योंकि हर व्यक्ति अपने आप में विनर है। बशर्ते आप अपने स्वस्थ शरीर के साथ मेहनत और लगन की दम-खम पर उसे पूरा करने का प्रयास करते रहो।
प्रकाश अपनी एक रचना के माध्यम से समाज को प्रेरित करते हुए कहते हैं-
हम निःशब्द रहकर भी संवाद रचते हैं,
जहां घोर निराशा है वहीं विश्वास रचते हैं,
अंत जहां होता वहीं शुरुआत रचते हैं,
गर्दिश में भी रह कर सच्चे ख्वाब रचते हैं,
हौसलों के दम पर नए परवाज रचते हैं,
हर शाम ढलने पर हम नया प्रभात रचते हैं,
हम धरती की मिट्टी से अनन्त आकाश रचते हैं...
Published on:
08 Feb 2020 02:38 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
