शामली। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत का देशभर में विरोध लगातार जारी है। ताजा मामला है शामली के भवन थानाक्षेत्र का, जहां राजपूत समाज के सैकड़ों लोग पद्मावत के विरोध में सड़क पर उतर आए हैं। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारी दिल्ली-सहारनपुर हाईवे को जाम कर जमकर नारेबाजी भी कर रहे हैं।राजपूत समाज के लोगों की मांग है कि फिल्म पद्मावत को बैन किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर गुरुवार को फिल्म रिलीज हुई तो सिनेमाघरों मे आग लगा दी जाएगी। वहीं, राजपूतों का हंगामा बढ़ता देख भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई है। जाम लगाने वाले युवकों ने भाजपा और क्षेत्रीय विधायक व मंत्री सुरेश राणा के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की है कि मन्त्री सुरेश राणा उनके बीच आएं। जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा तब तक यह जाम नहीं खुलेगा।