
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चल रहे डबल लाइन का निर्माण कार्य का तीसरा चरण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसका फायदा यूपी के कई जिलों समेत अन्य राज्यों के लोगों को भी होगा। शुक्रवार को रेलवे सेफ्टी के चीफ कमिश्नर ने मुज़फ़्फरनगर से देवबंद तक लाइन का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए डबल ट्रैक पर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। अब दिल्ली से देवबंद तक नॉन स्टॉप सफर कर सकेंगे।
रेल लाइन पर दोहरीकरण का कार्य पूर्ण होने के बाद सुरक्षा मानकों का परीक्षण करने के लिए दिल्ली से चीफ कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीसीआरएस) शैलेश पाठक मुज़फ़्फरनगर पहुंचे। उन्होंने मुजफ्फरनगर स्टेशन पर पहुंचकर यहां से रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य की तकनीकी जांच की। उन्होंने सुरक्षा मानकों पर जांच पड़ताल शुरू की। मुजफ्फरनगर स्टेशन का ट्राली के माध्यम से नये ट्रैक का निरीक्षण करते हुए देवबंद तक गए। देवबंद पहुंचने के बाद वह कार द्वारा वापस मुजफ्फरनगर आये और फिर शाम के समय मुजफ्फरनगर से देवबंद तक हाईस्पीड ट्रेन के साथ ट्रायल करते हुए नये रेलवे ट्रैक की क्षमता, सुरक्षा का परीक्षण किया।
यहां उन्होंने ट्रेक को हरी झंडी दी। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी ने बताया कि सीसीआरएस शैलेश पाठक ने मुजफ्फरनगर से देवबंद के बीच तैयार नये रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अब देवबंद तक का सफर राहत देगा। दोनों ट्रैक शुरू होने के कारण यहां से रेलगाड़ियां नॉन स्टॉप दौड़ेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से देवबंद समेत अन्य जगह आने—जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा। इससे पहले सफर में देरी होती थी, लेकिन अब बगैर रुके ही सफर तय किया जा सकेगा। अभी तक एक ट्रैक होने की वजह से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती थी।
Published on:
7 Mar 2020, 11:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.