26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुजफ्फरनगर में दामाद ने सास, चाची सास और सरहज को मारी गोली, करोड़पति ने बेटे की बर्थडे पार्टी में की अंधाधुंध फायरिंग

Muzaffarnagar News: यूपी के मुजफ्फरनगर में बड़ा हादसा। करोड़पति दामाद ने बेटे के जन्मदिन पर ससुराल में की अंधाधुंध फायरिंग। पत्नी से चल रहा था विवाद, बीच-बचाव करने आईं सास, चाची और भाभी को लगी गोली। तीनों की हालत गंभीर है, आरोपी गिरफ्तार।

2 min read
Google source verification
Muzaffarnagar firing, birthday party shootout, Anant Mittal

मुजफ्फरनगर में बेटे की बर्थडे पार्टी में अंधाधुंध फायरिंग | फोटो सोर्स- X(@muzafarnagarpol)

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक रईस दामाद ने अपने ही बेटे की बर्थडे पार्टी को खून-खराबे में बदल दिया। पत्नी से चल रहे विवाद के बीच गुस्से में आए दामाद ने ससुराल वालों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें आरोपी की सास, चाची सास और साले की पत्नी (भाभी) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

लव मैरिज के बाद शुरू हुआ था झगड़ा

घायल महिलाओं के परिवार वालों ने बताया कि पंचशील कॉलोनी की रहने वाली राधिका की शादी करीब 14 साल पहले अनंत मित्तल से हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। अनंत बहुत अमीर है और देहरादून व मुजफ्फरनगर में उसकी करोड़ों की प्रॉपर्टी है। शादी के कुछ साल बाद दोनों में झगड़ा शुरू हो गया, जिसके बाद राधिका अपने 13 साल के बेटे को लेकर मायके आ गई। दोनों के बीच कोर्ट में तलाक और बच्चे की कस्टडी का मुकदमा चल रहा है।

बर्थडे पार्टी में हुआ विवाद और चल गईं गोलियां

सोमवार को बेटे यशराज का जन्मदिन था। आरोपी अनंत अपने बेटे को लेकर देहरादून से मुजफ्फरनगर स्थित ससुराल पहुंचा था। घर में जन्मदिन का जश्न चल रहा था, लेकिन इसी बीच रात करीब 8:30 बजे अनंत और राधिका में किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि दोनों चिल्लाने लगे। शोर सुनकर जब राधिका की मां, चाची और भाभी बीच-बचाव करने आईं, तो अनंत ने गुस्से में आकर अपनी गाड़ी से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और राधिका पर तान दी। राधिका ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए घर के अंदर तक घुस गया।

12 मिनट तक मचाया तांडव, की 5 राउंड फायरिंग

गुस्से में अनंत ने घर के अंदर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली सास क्षमा मित्तल के कंधे पर लगी। वहीं, दूसरी गोली भाभी अपूर्वा मित्तल के पेट और तीसरी गोली चाची सास सविता मित्तल के पेट में लगी। फायरिंग होते ही पार्टी में भगदड़ मच गई। रिश्तेदार अपनी जान बचाने के लिए कमरों में छिप गए। गनीमत रही कि अचानक आरोपी की रिवॉल्वर का चैंबर जाम हो गया, जिससे वह आगे फायर नहीं कर सका। इसके बाद वह हाथ में हथियार लहराते हुए वहीं घूमकर लोगों को धमकी देने लगा।

मेरठ रेफर की गईं घायल महिलाएं, आरोपी अरेस्ट

पड़ोसियों की सूचना पर तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर से आरोपी को दबोच लिया और उसके हाथ से रिवॉल्वर छीन ली। पुलिस को आरोपी के पास से 8 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। तीनों घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने करीब 12 मिनट के अंदर 5 राउंड फायर किए। रिवॉल्वर में दो गोलियां फंस जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया, वरना कई और जानें जा सकती थी।