28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बाहर से बंद था दरवाजा, पति ने खोला तो अंदर पड़ी थी पत्नी और दो बच्चों की लाश; मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर

मुजफ्फरपुर में घर में घुसकर अपराधियों ने एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है।

3 min read
Google source verification
muzaffarpur triple murder

हत्या के बाद घर के बाहर जुटी ग्रामीणों की भीड़

Muzaffarpur Triple Murder: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में एक महिला, उसकी दो साल की मासूम बेटी और उसका तीन महीने का दुधमुंहा बेटा शामिल है। इस ट्रिपल मर्डर के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है।

बाहर से बंद था घर का दरवाजा

इस घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का पति मिठाई लाल साह मंगलवार सुबह काम से घर लौटा। मिठाई लाल पेशे से एक कैटरर है और सोमवार रात वह एक शादी समारोह में कैटरिंग का काम करने गया था। मिठाई लाल के अनुसार जब वो अपने भाई के साथ सुबह घर पहुंचा तो घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। पहले तो लगा कि सब सो रहे होंगे, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद होने की वजह से शक हुआ। मिठाई लाल ने जैसे ही दरवाजा खोला और घर में घुसा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर उसकी पत्नी रीता देवी (30), बेटी वैष्णवी (2 साल) और 3 महीने के बेटे कन्हैया की लाशें पड़ी थीं। पास ही एक रस्सी भी पड़ी थी, जिसका इस्तेमाल इन तीन मासूमों का गला घोंटने के लिए किया गया था।

जमीन विवाद बना मौत का कारण

माना जा रहा है कि इस सामूहिक हत्या के पीछे 10 साल पुराना जमीन विवाद मुख्य वजह है। पति मिठाई लाल का आरोप है कि पैतृक संपत्ति को लेकर उसके पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों के साथ उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था। मिठाई लाल का दावा है कि अभी सोमवार दोपहर को आरोपियों ने उसके पूरे परिवार को खत्म कर देने की धमकी दी थी, जिसे उसने नजरअंदाज कर दिया था। मिठाई लाल का दावा है कि उसके रिश्तेदार पुश्तैनी जमीन को गैर-कानूनी तरीके से बेचने की कोशिश कर रहे थे। जिसका मिठाई लाल और उनकी पत्नी विरोध कर रहे थे। इसी रंजिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

किस्मत ने बचाई दो बच्चों की जान

मिठाई लाल और रीता के कुल चार बच्चे थे। जिस समय हत्यारे घर में घुसे उस समय दो बच्चे अपनी दादी उर्मिला देवी के साथ एक अलग कमरे में सो रहे थे। अपराधियों ने सिर्फ उसी कमरे को निशाना बनाया जहां रीता अपने दो छोटे बच्चों के साथ सो रही थी। अगर बाकी दो बच्चे भी उसी कमरे में मौजूद होते, तो इस हत्याकांड में मरने वालों की संख्या शायद और भी ज्यादा हो सकती थी।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण SP राजेश कुमार सिंह प्रभाकर और DSP (पश्चिम) सुचित्रा कुमारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे आउए मामले की छानबीन शुरू की। पूछताछ के दौरान कुछ लोगों पर आरोप लगाया गया, जिन्हें पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। ग्रामीण SP राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने कहा कि पहली नजर में यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ लगता है। पीड़ितों की गर्दन पर रस्सी के निशान मिले हैं और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने के लिए FSL (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की एक टीम को बुलाया गया है। मौत का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मौके पर पुलिस तैनात

ट्रिपल मर्डर की इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। गुस्साए ग्रामीणऔर परिवार के सदस्य मांग कर रहे हैं कि हत्यारों को तुरंत सजा दी जाए। सुरक्षा के लिहाज से कांटी और पानापुर करियात पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों को गांव में तैनात किया गया है। दो पुलिस टीमें मुख्य आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।