
सांसद हनुमान बेनीवाल के सवाल पर लोकसभा में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड़ ने दी जानकारी
नागौर. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री भागवत कराड़ ने लोकसभा में बताया कि राजस्थान के किसानों पर 1,47,538.62 करोड़ का कृषि कर्ज बकाया है। मंत्री कराड़ ने राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड से प्राप्त सूचना के अनुसार 30 जून 2023 तक राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों में किसानों पर बकाया कृषि कर्ज के आंकड़े बताए। वहीं किसानों की वित्तीय स्थिति पटरी पर लाने के लिए किसानों की कर्ज माफी के लिए रूपरेखा के संबंध में कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव केन्द्र सरकार के पास विचाराधीन नहीं है। मंत्री कराड़ ने यह जानकारी नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की ओर से लोकसभा में लगाए गए किसान कर्ज माफी की योजना तथा देश में किसानों पर बकाया कृषि कर्ज से जुड़े सवाल के जवाब में दी।
मंत्री कराड़ बताया कि राजस्थान में वाणिज्यिक बैंकों में 1,08,761.67 करोड़, सहकारी बैंकों में 15,337.04 करोड़ तथा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में 23,439.90 करोड़ का कृषि कर्ज किसानों पर बकाया है। इस प्रकार राजस्थान के किसानों पर कुल 1,47,538.62 करोड़ रुपए का कृषि कर्ज बकाया है।
अन्य राज्यों में यह हालत
मंत्री की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार तमिलनाडु के किसानों पर 3,47,217.73 करोड़ का कृषि कर्ज, आंध्रप्रदेश के किसानों पर 2,43,073.03 करोड़ का कृषि कर्ज, कर्नाटक के किसानों पर 1,80,986.97 करोड़ का कृषि कर्ज, महाराष्ट्र के किसानों पर 1,61,471.09 करोड़ का कृषि कर्ज बकाया है। इसी प्रकार उत्तरप्रदेश के किसानों पर 1,71,510.92 करोड़ का कृषि कर्ज, हरियाणा के किसानों पर 76,630.91 करोड़ का कृषि कर्ज एवं पंजाब के किसानों पर 73,673.62 करोड़ का कृषि कर्ज बकाया है।
यह कहा सांसद ने
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी की पक्षधर है। देश में किसान कर्ज के बोझ तले आत्महत्या करने पर मजबूर है। बेनीवाल ने कहा कि सरकार जब धन्ना सेठों का कर्ज माफ कर सकती है तो किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी भी एक बार सरकार को करनी चाहिए।
Published on:
08 Aug 2023 01:52 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
