11 जुलाई 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

मेड़ता नगरपालिका उपाध्यक्ष चुनाव- क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को झटका, भाजपा उम्मीदवार को मिले 21 वोट

पालिका उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए सलीम मोयल की ओर से दिसंबर 2024 में अपने पद से इस्तीफा दे दिए जाने के बाद नगरपालिका में उपाध्यक्ष का पद लम्बे समय से रिक्त पड़ा था।

Merta Municipality Vice President Election Result
जीत के बाद उपाध्यक्ष का अभिनंदन करते भाजपाई। फोटो- पत्रिका

राजस्थान की मेड़ता नगरपालिका में डेढ़ दशक बाद फिर से भाजपा की उपाध्यक्ष बनी है। परिणाम में भाजपा की उम्मीदवार शोभा लाहोटी 21 मत प्राप्त करके विजय रही। लाहोटी नगरपालिका के 78 सालों के इतिहास में भाजपा की चौथी उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुई है। बाहर से सबको एकजुटता दिखाने वाली कांग्रेस में आपसी फूट का नतीजा क्रॉस वोटिंग के रूप में देखने को मिला। भाजपा के 20 पार्षदों के अलावा लाहोटी को एक वोट अतिरिक्त मिला है।

भाजपा में खुशी की लहर

लाहोटी के उपाध्यक्ष बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। नगरपालिका के सामने और सभागार में साफा-माल्यार्पण कर मुंह मीठा कराते हुए लाहोटी के उपाध्यक्ष बनने की खुशियां मनाई गई। भाजपा जिला प्रभारी पुखराज पहाड़िया, चुनाव प्रभारी लक्ष्मीनारायण मुंडेल, विधायक लक्ष्मणराम कलरू, प्रधान संदीप चौधरी, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष पवन परतानी, शहर मंडल अध्यक्ष मोहित माली सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने लाहोटी का साफा-माल्यार्पण कर मुंह मीठा करवाते हुए अभिनंदन किया गया।

विजय जुलूस निकाला

इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से विजय जुलूस निकाला गया। जीत के बाद भाजपा जिला प्रभारी पहाड़िया ने कहा कि मेड़ता नगरपालिका में 20-25 साल बाद कोई बीजेपी का प्रत्याशी जीतकर आया है, इस बात की कार्यकर्ताओं में बहुत खुशी है। हमारे सभी पार्षद एकजुट रहे। जो पांच पार्षद नए आए उन्होंने भी कहा हमारी निष्ठा पार्टी के साथ है। कांग्रेस में फूट हुई, इससे हमारे वोट बढ़े।

उल्लेखनीय है कि पालिका उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुए सलीम मोयल की ओर से दिसंबर 2024 में अपने पद से इस्तीफा दे दिए जाने के बाद नगरपालिका में उपाध्यक्ष का पद लम्बे समय से रिक्त पड़ा था। बीच में राजनीतिक उठा पटक के चलते यह चुनाव हो नहीं सके। फिर स्वायत्त शासन विभाग की ओर से निकायों में रिक्त उपाध्यक्ष व पार्षदों के पदों को लेकर चुनाव करवाने की घोषणा की तो मेड़ता नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद को लेकर चुनाव हुए।

यों चली चुनाव प्रक्रिया

सुबह 11 बजे तक चुनाव प्रभारी एवं उपजिला निर्वाचक अधिकारी एसडीएम पूनम चोयल के समक्ष भाजपा से पार्षद शोभा लाहोटी और कांग्रेस से पार्षद सुनील पंवार का नोमिनेशन फाॅर्म आया। दोपहर 2 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले तक दोनों ही प्रत्याशियों ने नाम वापस नहीं लिए। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। शाम 5 बजे तक यानी 3 घंटे वोटिंग चली। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों के पार्षद वोट डालने के लिए पहुंचते रहे। शाम 5 बजे परिणाम आया। जिसमें विजय रही लाहोटी को उपखंड अधिकारी ने शपथ दिलाई।

यह रहा वोटिंग का गणित

कुल वोट करने वाले पार्षद- 39
भाजपा के पार्षद- 20
कांग्रेस के पार्षद- 19
शोभा लाहोटी को वोट मिले- 21 (एक क्राॅस वोट)
सुनील पंवार को वोट मिले- 17
रद्द- 1

यह वीडियो भी देखें

पालिका में चल रहा कांग्रेस का सबसे भ्रष्ट बोर्ड

जीत के बाद विधायक कलरू ने कहा कि भाजपा के लिए बहुत ही शुभ दिन है। हाल ही में कांग्रेस का बहुत ही भ्रष्ट बोर्ड चल रहा है। वो भी कोर्ट के स्टे पर चल रहा है। जल्द ही उसका भी खुलासा हो जाएगा। जयपुर से लेकर मेड़ता तक पार्टी के सभी सदस्यों, पार्षदों के कार्य की बदौलत आज भाजपा का उपाध्यक्ष बन सका है।

अब तक सिर्फ 3 ही बार बने भाजपा के उपाध्यक्ष

नगरपालिका की स्थापना वर्ष 1947 में हुई। तब से लेकर अब तक केवल 3 ही बार भाजपा के उपाध्यक्ष बने हैं। सबसे पहले वर्ष 1993 में रणजीत जोती पहले भाजपा के उपाध्यक्ष बने। इसके बाद 1990-95 में सूरज अरोड़ा के पालिकाध्यक्ष रहते हुए नथमल बिड़ला वाइस चेयरमैन रहे। फिर 2010 में पालिकाध्यक्ष अनिल थानवी के वक्त रामस्वरूप गहलोत बीजेपी के उपाध्यक्ष निर्वाचित होकर आए। अब वार्ड 25 से निर्दलीय जीतकर आई शोभा ने भाजपा का साथ दिया और चौथी उपाध्यक्ष बनी है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर हाईकोर्ट ने सरकार को लगाई फटकार, पूछा- कब होंगे चुनाव? फिर मिला ये जवाब