
खींवसर के आकला में पकड़ी अफीम की खेती
नागौर. जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प - नशा मुक्त नागौर’ के तहत पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा लाखों रुपये के मादक पदार्थ व नकदी बरामद की गई है। प्रशिक्षु आईपीएस जतिन जैन ने बताया कि नागौर पुलिस का अपराधियों को स्पष्ट संदेश है कि वे या तो अपराध करना छोड़ दें या फिर नागौर छोड़ दें। अन्यथा उन्हें सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नागौर एसपी रोशन मीना के नेतृत्व में जिले में ऑपरेशन संकल्प - नशा मुक्त नागौर के तहत नागौर वृत्त क्षेत्र में शनिवार को सदर थाना, श्रीबालाजी थाना व खींवसर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की, जिसमें नशे के तीन सौदागरों को गिरफ्तार कर लाखों रुपए व नशे की सामग्री जब्त की गई।
सदर थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा
डीएसटी टीम के सहयोग से गश्त के दौरान सदर थाना पुलिस ने रायधनु सरहद में एक ढाणी पर दबिश देकर आरोपी नरेश पुत्र गणेशाराम जाट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 10.70 लाख रुपए कीमत की 86 ग्राम स्मैक, 2,15,350 रुपए नकद तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 30 मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में सदर थाने के सीआई सुरेश कस्वा सहित कांस्टेबल सुरेश, हनुमानराम व सुरेन्द्र तथा डीएसटी के एसआई मुकेश चंद, हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल दिनेश, बलदेवराम, सुरेश कुमार, चंदाराम, कमलकिशोर, लिखमाराम व सुमित्रा का विशेष योगदान रहा।
श्रीबालाजी थाना पुलिस ने अफीम के साथ आरोपी को पकड़ा
श्रीबालाजी थाना पुलिस ने तितरी-जोधियासी क्षेत्र में आरोपी शिवराम पुत्र रामूराम जाट के घर पर कार्रवाई करते हुए लगभग 8.25 लाख रुपए कीमत की 1 किलो 643 ग्राम अफीम और 50,100 रुपए नकद बरामद किए। आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। थानाधिकारी ओमप्रकाश को मुखबीर से सूचना मिली कि आरोपी ने अपने घर में अफीम छुपाकर रखी है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर अफीम जब्त की तथा आरोपी को गिरफ्तार किया।
खींवसर में फिर पकड़ी अफीम की खेती
खींवसर थाना क्षेत्र के ग्राम आकला में पुलिस ने एक मकान व खेत में छापेमारी कर 600 हरे-गिले एवं अधसूखे डोडा पोस्त के पौधे जब्त किए। इस मामले में मकान व खेत मालिक तिलोकराम पुत्र कानाराम जाट को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस अदिति उपाध्याय ने टीम के साथ कार्रवाई कर 150 पौधे अफीम डोडा के काटे हुए तथा 450 पौधे हरे गीले अफीम डोडे के जिन पर डोडे लगे हुए थे, जब्त किया गया। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
22 Mar 2026 05:09 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
