
Nagaur Road Accident (Partrika Photo)
Nagaur Road Accident: जायल (नागौर): नागौर जिले के जायल-तरनाऊ मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक बुजुर्ग और उनकी मात्र डेढ़ वर्षीय पोती की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में दोनों वाहनों में सवार कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलिया निवासी कांस्टेबल प्रभूराम का परिवार शनिवार को कार से जुंझाला स्थित गुसाईं महाराज के मेले में दर्शन करने गया था।
आस्था और श्रद्धा के साथ धोक लगाकर जब यह परिवार वापस अपने गांव कोलिया लौट रहा था, तभी तरनाऊ रोड पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कांस्टेबल प्रभूराम के पिता चूनाराम जाट (62) और उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री गर्विता की मृत्यु हो गई। एक ही झटके में परिवार के मुखिया और मासूम बच्ची के चले जाने से कोहराम मच गया।
हादसे में कांस्टेबल प्रभूराम, उनकी पत्नी पूनम, ताऊ हेमाराम और उनके पुत्र गोविन्दराम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, दूसरी कार में सवार जायल निवासी नदीम, मोईन, इरफान, इमरान पुत्र बाबूखान और इमरान पुत्र अब्दुल रजाक भी चोटिल हुए हैं। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को नागौर जिला चिकित्सालय भिजवाया।
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि मृतक चूनाराम के बड़े भाई हेमाराम (जो स्वयं घायल हैं) के घर में आगामी 26 मार्च को शादी निर्धारित थी। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और मंगल गीत गाए जा रहे थे। लेकिन इस हादसे ने शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पूरा गांव इस खबर से स्तब्ध है।
देर शाम नागौर जिला अस्पताल में दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।
Updated on:
22 Mar 2026 12:14 pm
Published on:
22 Mar 2026 12:14 pm
