21 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नाथी देवी मर्डर केस: मूंगफली के कट्टों ने दी हत्याकांड की गवाही, गांव के युवक ने गहनों के लिए काटा था महिला का गला

Nathi Devi Murder Case: मूंगफली के कट्टों ने हत्याकांड का राज खोल दिया। गहनों के लालच में गांव के युवक ने महिला का गला काटकर हत्या कर दी। पत्नी और भांजे ने भी साथ दिया। कट्टों में मिले चारे के अवशेष अहम सुराग बने।

2 min read
Google source verification

नागौर

image

Arvind Rao

Mar 21, 2026

Nathi Devi Murder Case Nagaur

Nathi Devi Murder Case Nagaur (Patrika Photo)

Nathi Devi Murder Case Nagaur: नागौर/ पादूकलां: बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या सात लाख के गहने लूटने के लिए की गई थी। हत्याकांड का सुराग उन मूंगफली के कट्टों ने दिया, जिनमें पैक कर उसके शव के टुकड़े फेंके गए थे। कट्टों में मिले चारे के अवशेष को महत्वपूर्ण सुराग मानकर पुलिस ने पूरे गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया।

इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में मूंगफली के कट्टों में मिले चारे के अवशेष सबसे अहम कड़ी साबित हुए, जिन्होंने पुलिस को हत्यारे तक पहुंचा दिया।

नागौर एसपी रोशन मीणा के अनुसार, पादूकलां थाना क्षेत्र के पालड़ी कलां गांव निवासी 15 मार्च को नाथी देवी (75) अपने गांव के ही आरोपी मुकेश भारती के यहां पशु चारा खरीदने गई थी। नाथी के लाखों के गहने देखकर मुकेश की नीयत बिगड़ गई।

वह चारा दिखाने के लिए बाड़े की ओर ले गया, वहीं कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। लूट के लिए पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए। शव के तीन हिस्से कर अलग-अलग कट्टों में भरकर कार से पचरंडा क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने मुकेश को गिरफ्तार कर, उसकी पत्नी माया और भांजे चंदन पुरी को हिरासत में लिया है।

यह है पूरा मामला

दरअसल, 16 मार्च को पादूकलां थानाक्षेत्र के पाचरंडा के जंगल में एक कट्टे में बुजुर्ग नाथी देवी (75) का शव बिना सिर और पैरों के मिला था। 15 मार्च को नाथी देवी के पोते मुकेश बावरी ने दादी के लापता होने की शिकायत दी थी।

वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। 18 मार्च को पुलिस को अलग-अलग स्थानों से शव के कटे हुए अंग और खून से सने कट्टे बरामद हुए। जांच के दौरान सामने आया कि सभी कट्टों में मूंगफली के चारे के अवशेष मौजूद थे।

पूरे गांव में मूंगफली के चारे की सर्चिंग

पुलिस ने गांव में उन स्थानों की तलाश शुरू की, जहां मूंगफली का चारा रखा जाता है। 100 पुलिसकर्मियों ने एक साथ घर-घर, खेत-खलिहानों और बाड़ों की गहन तलाशी ली। इसी दौरान एक संदिग्ध के बाड़े में मूंगफली के चारे में खून के निशान मिले। यह बाड़ा मुकेश के पिता रामा का निकला।

कड़ी पूछताछ में आरोपी मुकेश भारती (38) पुत्र रामा भारती ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बुजुर्ग महिला की हत्या लूट के इरादे से की थी। पत्नी माया और भांजे चंदन पुरी निवासी डेगाना ने इसमें मदद की।

पुलिस ने आरोपी मुकेश के घर से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और कार भी जब्त की है। पुलिस ने लूटे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। इनमें चांदी के कड़े, कंडोरा, सोने की एक बाली तथा कंठी शामिल हैं।