
AI pic
मूण्डवा. नागौर जिले के मूण्डवा थाना क्षेत्र के खुड़खुड़ा खुर्द स्थित लक्ष्मणगिरि महाराज के धुणा मंदिर में बुधवार देर रात एक साधु ने ग्रामीण दर्शनार्थी पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात में छोटाराम गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी साधु के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
खुड़खुड़ा खुर्द निवासी छोटाराम पुत्र रामदीन माली ने गुरुवार सुबह मूण्डवा थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 6 मई 2026 की रात करीब 10 बजे वह खुड़खुड़ा खुर्द के लक्ष्मणगिरि महाराज के धुणा में दर्शन को गया था। दर्शन के बाद वह संतों के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान साधु मंगलगिरि ने अचानक पीछे से आकर तलवार से उस पर पीछे से हमला कर दिया। इससे गर्दन व छाती पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।
रिपोर्ट के अनुसार, छोटाराम ने बताया कि उसे बचाने के लिए मौके पर बैठे नरेंद्र खेलवाल उर्फ ओमकार गिरि ने बीच बचाव किया, जिससे उनके शरीर पर भी चोटें आईं। शोर सुनकर मंदिर के बाहर मौजूद भगवत जाट, कैलाश पारीक, थानाराम जाट, हनुमान गहलोत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंगलगिरि महाराज के हाथ में पिस्टल जैसा हथियार था, जिससे ग्रामीण डर गए।
छोटाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने 7 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस 2023) की धारा 109 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। सहायक उप-निरीक्षक जगदीश सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। घायल छोटाराम का मेडिकल मुआयना करवाया जा चुका है। ओमकार गिरि महाराज के चोटों का भी मेडिकल करवाया गया है, जिस पर अलग से प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वारदात के बाद आरोपी साधु मौके से भाग गया, जिसे पुलिस ने भदौरा के पास पकड़ लिया।
Updated on:
07 May 2026 01:25 pm
Published on:
07 May 2026 01:23 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
