7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जमीन तैयार, आदेश जारी: फिर भी नागौर में नहीं खुला एनसीसी कार्यालय

जिला प्रशासन आवंटित कर चुका जमीन और अस्थाई कार्यालय, फिर भी एनसीसी यूनिट फाइलों में कैद, 6 राज बटालियन एनसीसी कार्यालय को नागौर स्थानांतरित करने में लगातार टालमटोल कर रहे अधिकारी

2 min read
Google source verification
खेल स्टेडियम में आवंटित किया एनसीसी कार्यालय

खेल स्टेडियम में आवंटित किया एनसीसी कार्यालय

नागौर. दो साल पहले की गई एक उम्मीद भरी घोषणा आज नागौर के युवाओं के लिए अधूरी कहानी बनकर रह गई है। वर्ष 2024-25 के बजट में राज्य सरकार ने बड़े जोर-शोर से नागौर, जैसलमेर और बांसवाड़ा में एनसीसी यूनिट स्थापित करने का ऐलान किया था, ताकि प्रदेश में कैडेट्स की संख्या बढ़े और युवाओं को सैन्य अनुशासन व केरियर के बेहतर अवसर मिल सकें, लेकिन हकीकत यह है कि नागौर में एनसीसी यूनिट आज भी कागजों और फाइलों तक सीमित है।

जिला प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जमीन आवंटित कर दी, अस्थाई कार्यालय की व्यवस्था भी कर दी, यहां तक कि आवश्यक सुविधाओं की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। बावजूद इसके, जोधपुर में बैठे जिम्मेदार अधिकारी 6 राज बटालियन एनसीसी कार्यालय को नागौर स्थानांतरित करने में लगातार टालमटोल कर रहे हैं। रक्षा मंत्रालय और एनसीसी महानिदेशालय से स्वीकृति मिलने के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई प्रगति नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

युवाओं के सपनों, सरकारी घोषणाओं और प्रशासनिक उदासीनता के बीच फंसी यह योजना अब यह बताती है कि कैसे एक महत्वपूर्ण पहल महज इंतजार और अनिश्चितता में उलझकर रह गई है।

घोषणा अब तक

- भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के प्रशिक्षण खंड, सेना भवन नई दिल्ली ने 10 अप्रेल 2024 व महानिदेशालय एनसीसी, नई दिल्ली ने 6 मई 2024 को नागौर, जैसलमेर व बांसवाड़ा में एनसीसी कार्यालय की स्वीकृति दी थी।

- इस संबंध में 23 सितम्बर 2025 को राजस्थान सरकार शिक्षा विभाग के राज्य सम्पर्क अधिकारी ने जयपुर एनसीसी निदेशालय के उप महानिदेशक को पत्र लिखकर प्रदेश में एनसीसी केडेट्स की संख्या में 11 हजार की वृद्धि की जाकर नागौर, जैसलमेर व बांसवाड़ा में एनीसी कार्यालय शुरू करने की बजट घोषणा 30 सितम्बर 2025 तक आवश्यक रूप से करवाने के निर्देश दिए थे।

- इसके बाद 29 सितम्बर 2025 को 6 राज बटालियन एनसीसी जोधपुर के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) ने नागौर जिला कलक्टर को पत्र लिखकर जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र नागौर में आंवटित एनसीसी कार्यालय में आधारभूत सुविधाओं की पूर्ति करने की मांग की थी।

- वर्तमान में 6 राज बटा. एनसीसी कार्यालय जोधपुर में संचालित हो रहा है, जिसे नागौर स्थानांतरित करने के आदेश किए गए थे, लेकिन पालना आज तक नहीं हुई।

19 महीने पहले आवंटित हो चुकी है जमीन

राज्य सरकार की बजट घोषणा 2024-25 की क्रियान्विति में जिला मुख्यालय पर एनसीसी यूनिट स्थापित करने के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय नागौर की ओर से 15 अक्टूबर 2024 को बीकानेर रोड पर कृषि कॉलेज के आगे 3 हैक्टेयर जमीन आवंटित की गई थी। भूमि आवंटन आदेश की शर्तों के अनुसार आवंटित जमीन पर छह माह में भवन का संनिर्माण शुरू करने व दो साल में भवन का निर्माण पूर्ण करना था, लेकिन 19 माह बीतने के बावजूद कोई काम नहीं हुआ।

कारण पता नहीं, लेकिन थोड़ा समय लगेगा

6 राज बटालियन एनसीसी कार्यालय नागौर में खोलने में थोड़ा समय लगेगा। देरी क्यों हो रही है, इसके कारणों की जानकारी मुझे नहीं है, लेकिन होगा जरूर।

- आनंद शाह, सीओ, 6 राज बटालियन एनसीसी, जोधपुर