
पत्रिका न्यूज नेटवर्क. नागौर जिले में किसानों ने फसल बीमा के तहत बीमा कम्पनी को प्रीमियम के रूप में 24 करोड़ 69 लाख रुपए तो जमा करवा दिए, लेकिन यह तय नहीं कि उनको बीमा कब तक मिलेगा। किसानों की माने तो एक फरवरी से गिरदावरी शुरु हो चुकी है ,गिरदावरी में एक माह लगेगा। इसके बाद गिरदावरी की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। फिर मुआवजे के लिए किसान महीनों तक चक्कर काटते रहेंगे। यह इस बार नहीं, हर बार ऐसा ही होता है।
किसान बड़ी मुश्किल से फसलों की बुआई करते हैं, लेकिन कभी भाव कम मिलते हैं तो कभी आपदा से फसले बर्बाद हो जाती है। आपदा से फसल खराब होने के बाद कई किसान तो 72 घंटे तक फोन नहीं मिलने पर अपनी शिकायत भी दर्ज नहीं करा पाते हैं। प्रशासन की माने तो जिले में इस समय गिरदावरी की जा रही है। आगामी 5 मार्च तक गिरदावरी पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जानी है। कुचामन तहसीलदार कुलदीप चौधरी ने बताया कि कुचामन क्षेत्र में गिरदावरी की जा रही है। सभी पटवारी अपने-अपने हल्के में गिरदावरी कर रहे हैं। गिरदावरी रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। इसके बाद किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
वंचित किसान यहां करें शिकायत
फसल खराब को लेकर जिले में करीब 35 हजार से अधिक किसानों ने अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। बीमा कम्पनी की ओर से टोल फ्री नम्बर भी जारी किए है। रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी के टोल फ्री नम्बर 18001024088 या क्रॉप इंश्योंरेंस एप्प के माध्यम से कोई भी किसान अपनी फसल खराबा की शिकायत दर्ज करवा सकता है।
2 लाख 10 हजार किसानों ने करवाया बीमा
किसानों ने कुल 24 करोड़ 69 लाख रुपए का प्रीमियम जमा करवाया है। कुल 2 लाख 10 हजार किसानों ने बीमा करवाया है। किसानों की ओर से तो प्रीमियम जमा करवा दिया है, लेकिन अब मुआवजा देने के समय में इतनी लेटलतीफी क्यों की जा रही है। केन्द्र व राज्य सरकार ने भी बीमा कम्पनी को 57 करोड़ 22 लाख रुपए का प्रीमियम जमा करवाया है। अब समय रहते बीमा कम्पनी की ओर से किसानों को मुआवजा देना चाहिए।
कुल किसानों ने बीमा करवाया 210020
किसानों ने कुल प्रीमियम दिया 24.69 करोड़
केंद्र व राज्य सरकार द्वारा प्रीमियम का भुगतान 57.22 करोड़
कुल प्रीमियम का भुगतान 81.91 करोड़
किसानों ने बड़ी मुश्किल से फसलों की बुआई की है, लेकिन गत दिनों हुई बारिश व पाले से फसलों में काफी खराबा हुआ है। सरसों की फसल में ज्यादा खराबा हुआ है। किसानों को जल्दी ही मुआवजा देना चाहिए।
दानाराम बगड़िया, किसान, ग्राम शिव
जिले में बड़ी संख्या में किसानों ने अपना प्रीमियम जमा करवाया है, लेकिन किसानों को कभी भी मुआवजा नहीं मिलता। बीमा कम्पनी की ओर से किसानों के साथ छलावा कर रही है। टोल फ्री नम्बर पर कई किसान अपनी शिकायत दर्ज नहीं करवा पाए, ऐसे किसानों के लिए विभाग की ओर से कोई कदम उठाना चाहिए।
बाणु नाथ, किसान, ग्राम बुटीनाथपुरा
फसल खराबा को लेकर किसानों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। इसके लिए बार-बार सरपंचों की ओर से राज्य सरकार को अवगत कराया जा रहा है। गत दिनों ही जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया गया था।
लालाराम अणदा, सरपंच ग्राम पंचायत शिव
बेमौसम बारिश की वजह से फसल का नुकसान होने पर फसल बीमा योजना नियमानुसार 72 घंटे में बीमा कंपनी के टोल फ्री नम्बर या क्रॉप इंश्योरेंस एप्प के माध्यम से सूचना देनी चाहिए। अगर खराबा ज्यादा होता है तो बीमा कंपनी द्वारा 25 प्रतिशत मुआवजा राशि तुरंत जारी की जाती है।
सुधेश पूनिया, नेशनल यूथ अवार्डी
अभी गिरदावरी चल रही है। सभी पटवारी अपने-अपने हल्के में गिरदावरी कर रहे हैं। संभवत: 28 फरवरी तक गिरदावरी पूरी जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
कुलदीप चौधरी, तहसीलदार, कुचामन सिटी
Published on:
15 Feb 2023 10:57 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
