नावां (नागौर). नागौर जिले की नमक नगरी नावां में शनिवार दोपहर में बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। दोपहर में एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए 5-6 बदमाशों ने नावां के नमक व्यापारी जयपाल पूनिया पर फायरिंग कर दी, जिससे व्यापारी गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में व्यापारी ने दम तोड़ दिया। व्यापारी की मौत के बाद नमक व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। दिनदहाड़े एक व्यापारी पर की गई फायरिंग से नावां में एकबारगी सनसनी फैल गई। वारदात के बाद कुचामन सिटी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणेशराम चौधरी व डीडवाना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल नेहरा नावां पहुंचे, वहीं पूर्व विधायक विजयसिंह, हरीश कुमावत, रालोपा के भूराराम शेषमा समेत अन्य नेता भी नावां पहुंच गए। भाजपाइयों का कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।