
mahendra singh
नागौर. करीब डेढ़ महीने पहले खींवसर क्षेत्र में आईपीएस दीपक यादव की गाड़ी को टक्कर मारने वाला मुख्य शराब तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ करेगी। अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में जिले की श्रीबालाजी पुलिस ने बुधवार को मुख्य भूमिका निभाते हुए बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस आरोपित को जोधपुर से गिरफ्तार कर थाने लाई, जिसे गुरुवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार जिले सहित राज्य के कई थानों में अवैध शराब तस्करी, मारपीट व अवैध हथियार सहित विभिन्न मामले दर्ज हैं।
श्रीबालाजी थानाधिकारी अशोक बिशु ने बताया कि खींवसर तहसील क्षेत्र के बरबटा निवासी हाल जोधपुर के मंडोर में रहने वाले शराब तस्कर महेन्द्रसिंह (30) पुत्र नरपतसिंह राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर गत एक फरवरी डीडवाना वृत्ताधिकारी आईपीएस दीपक यादव, लाडनूं थानाधिकारी भजनलाल, खींवसर थानाधिकारी रमेश सिंह पर उस समय जानलेवा हमला किया था, जब अधिकारी पुलिस टीम के साथ अवैध शराब से भरे ट्रक कंटेनर का पीछा कर रहे थे। हालांकि उस समय पुलिस ने कंटेनर में भरे अवैध शराब के 523 कार्टुन जब्त कर लिए थे, लेकिन आरोपित फरार हो गए। जिनकी गहनता से तलाश की जा रही थी। गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने जोधपुर में संभावित ठिकाने पर दबिश देकर महेन्द्रसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
खींवसर में पकड़ा था लाखों की अवैध शराब से भरा कंटेनर
खींवसर थाना पुलिस ने गत एक फरवरी की रात को लाखों रुपए की अवैध शराब से भरा एक कंटेनर पकड़ा था। मौके से शराब परिवहन कर रही एक ट्रेक्टर-ट्रॉली व मोटरसाइकिल भी जब्त की गई थी। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई थी। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी के आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। आरोपितों को पकडऩे के लिए डीडवाना वृत्ताधिकारी (आईपीएस प्रशिक्षु) दीपक यादव ने पीछा किया तो आरोपितों ने गाड़ी से यादव की गाड़ी को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस ने अवैध शराब जब्त करने के साथ ही आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने यह पूरी कार्रवाई डीडवाना वृत्ताधिकारी यादव के नेतृत्व में ही की।
पुलिस ने कंटेनर में भरी विभिन्न ब्राण्ड की करीब 523 पेटी जब्त की थी। कार्रवाई में डीडवाना डीएसपी यादव, नागौर पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश गौतम, खींवसर थानाधिकारी रमेशसिंह सहित कांस्टेबल भजनलाल, उम्मेदसिंह, हेमाराम, प्रकाश, बलदेव, भीखाराम, प्रभुराम शामिल थे।
कहां से आई शराब, यह लगाएंगे पता
पुलिस को करीब 15 लाख की अंग्रेजी शराब जब्त करने में सफलता तो मिली थी, लेकिन यह शराब कहां से आई, इसका पता नहीं लग सका। आरोपित हाथ नहीं लगने के कारण पुलिस इस मामले की तह तक नहीं पहुंच पाई थी। अब पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, इसलिए उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इतनी बड़ी तादाद में शराब आई कहां से थी।
Published on:
12 Apr 2018 12:31 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
