
फोटो पत्रिका नेटवर्क
नागौर जिले के मूण्डवा थाना क्षेत्र के नराधना गांव में शनिवार रात खेतों की रखवाली कर रहे बनबागरिया जाति के एक युवक की टोपीदार बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने मृतक की पत्नी को अगवा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह बचकर मौके से भाग गई। रविवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना दी । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को मूंडवा अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। शव पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द किया। मृतक की पत्नी पूजा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां को सौंपी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात रामसिया डेरा निवासी प्रकाश (25) पुत्र छोटूराम बनबागरिया पत्नी पूजा (19) के साथ नराधना गांव की सरहद में खेतों की रखवाली कर रहा था। उसी दौरान रोल डेरा निवासी बाबू उर्फ लाबू पुत्र राजू बनबागरिया अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। वह नीलगाय को भगाने का बहाना बनाकर प्रकाश को खेतों की ओर लेकर चला गया। इस दौरान बाबू ने प्रकाश पर बंदूक से फायर कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलाने के बाद आरोपी ने प्रकाश की पत्नी पूजा को उठाने का प्रयास किया, जिससे उसके गले में घाव भी आए। पूजा किसी तरह खुद को छुड़ाकर अंधेरी रात में करीब दो -तीन किलोमीटर दौड़कर अपने भाई के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। पूजा ने पुलिस को बताया कि आरोपियों को उसने पहले कभी नहीं देखा था। वे दिन में एक बार खेतों की ओर आए थे और देखकर चले गए थे। रात में आकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
Updated on:
22 Feb 2026 09:48 pm
Published on:
22 Feb 2026 09:48 pm
