13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीट परीक्षा रद्द: सालभर की मेहनत पर फिरा पानी, छात्रों में निराशा और गुस्सा

पेपर लीक ने छीनी मेहनत की मुस्कान, दोबारा तैयारी में जुटे नीट अभ्यर्थी, कई विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए इस फैसले ने उनके सपनों को झटका दे दिया

3 min read
Google source verification
Neet Exam cancelled

Neet Exam cancelled

नागौर. देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2026 रद्द होने की खबर ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परीक्षा में पेपर लीक की आशंका के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से परीक्षा निरस्त करने से उन विद्यार्थियों में भारी निराशा है, जिन्होंने पूरे वर्ष मेहनत कर परीक्षा दी थी। कई विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए इस फैसले ने उनके सपनों को झटका दे दिया।

हालांकि इस कठिन परिस्थिति में कई कोचिंग संस्थानों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मनोबल बनाए रखने का प्रयास किया । विद्यार्थियों का कहना है कि वे फिर से परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं और पहले से अधिक मजबूती के साथ वापसी करना चाहते हैं। शिक्षकों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था बनाने की मांग की ।

नीट अभ्यर्थी बोले...

नीट-2026 परीक्षा रद्द होने व पेपर लीक के कारण परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं, मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया । करीब 23 लाख अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की निराशाजनक स्थिति है। परीक्षा आयोजन सुरक्षित नहीं होने से व्यवस्था पर कैसे भरोसा करें। मेरा इस बार 664 अंक का स्कोर बन रहा था और अच्छी मेडिकल कॉलेज मिलने की उम्मीद थी। परीक्षा रद्द होने से सपनों को आघात पहुंचा है।

- अर्जुन गोदारा, नीट अभ्यर्थी, रोहिणी

जब नीट-2026 परीक्षा रद्द होने की खबर मिली तो शुरुआत में बहुत दु:ख हुआ। इसके पीछे हमारी पूरे साल की मेहनत और सपने जुड़े हैं। लेकिन कोचिंग के शिक्षकों ने हमें प्रोत्साहित किया कि यह समय हार मानने का नहीं, बल्कि और मजबूत वापसी करने का है। अब मेरा पूरा ध्यान दुबारा हाेने वाली परीक्षा में अपना बेस्ट देने पर है।

- ललित इनाणियां, नीट अभ्यर्थी

नीट 2026 परीक्षा रद्द होने की खबर सुनकर सच में बहुत बुरा लगा, क्योंकि हर विद्यार्थी इस परीक्षा के लिए दिन-रात मेहनत करता है। एक बार के लिए निराशा जरूर हुई, लेकिन हमारे शिक्षकों ने सपोर्ट कर मार्गदर्शन दिया। सकारात्मकता से तैयारी जारी रखने को कहा।

- दिव्या बेनीवाल, नीट अभ्यर्थी

मैंने पिछले एक साल में एक भी छुट्टी नहीं रखी, निरन्तर मेहनत करता रहा। मेरा अच्छा स्कोर आ रहा था। लगभग 650 से अधिक मार्क्स आ रहे हैं, लग रहा था कि अच्छी कॉलेज मिल जाएगी। इस उम्मीद में मैं हॉस्टल से घर आ गया और परिवार के साथ समय बिता रहा था, लेकिन ज्यों ही एग्जाम रद्द हाेने की सूचना मिली बड़ा झटका लगा।

- अशोक थोरी, नीट स्टूडेंट्स

बहुत अधिक मेहनत की। इससे पेपर भी अच्छा गया व स्कोर भी अच्छा आ रहा है। अच्छी सरकारी कॉलेज मिल जाती, लेकिन ऐसी सूचना बहुत अधिक नर्वस कर देती है। एनटीए को कुछ बड़ा और सटीक निर्णय लेना चाहिए, जिससे मेहनतकश छात्रों को न्याय मिल सके।

- शाहिना परवीन, नीट विद्यार्थी

नीट परीक्षा में मेरे काफी अच्छे अंक आ रहे थे, जिससे मैं भविष्य को लेकर उत्साहित था। पेपर लीक की घटना के कारण परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। यह सुनकर बहुत निराशा हुई। लाखों मेहनती विद्यार्थियों की मेहनत और मानसिक शांति पर इसका गहरा प्रभाव पड़ा है। मैंने हार नहीं मानी है। सच्ची मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।

- राज भांभू, नीट विद्यार्थी

नीट-2026 परीक्षा रद्द होने के बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में निराशा का माहौल है। यह समय विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक रूप से कठिन जरूर है, लेकिन उन्हें धैर्य बनाए रखते हुए तैयारी जारी रखनी चाहिए। वर्ष 2022 की तरह इस बार भी परीक्षा दोबारा आयोजित होगी, इसलिए विद्यार्थियों को अभी से वापस तैयारी में जुट जाना चाहिए। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को परीक्षा प्रणाली अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो।

- धनराज सोलंकी, संस्थापक निदेशक, ऐम एकेडमी

नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में गड़बड़ी और नकल की खबरें शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी परीक्षा में पारदर्शिता पर सवाल उठना दुर्भाग्यपूर्ण है। परीक्षा रद्द होने से विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ा है। विद्यार्थियों से आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। अतिरिक्त समय को तैयारी मजबूत करने और कमजोरियां सुधारने के रूप में लेना चाहिए।

- लोकेश भाटी, शिक्षक