
देर रात हुआ हाईवे पर दिला दहला देने वाला हादसा, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
नागौर/मूण्डवा. राष्ट्रीय राजमार्ग-89 पर इनाणा गांव तथा जीएसएस के बीच मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। हादसा रात करीब 11.15 बजे हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर मूंडवा से एंबुलेंस 108 के साथ पहुंचे ईएमटी जितेंद्र सेवर तथा चालक मंगलाराम मुंडेल ने हादसे में घायल एक व्यक्ति को जिला मुख्यालय के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार ईनाणा निवासी हनुमान (40) पुत्र मंगलाराम नायक, सम्पत मेघवाल (30) पुत्र सुगनाराम मेघवाल एवं हनुमान (25) पुत्र रामनिवास नायक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर रात करीब सवा 11 बजे नागौर से गांव की ओर जा रहे थे। गांव में प्रवेश करने से पूर्व जीएसएस के पास सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी, जिससे हनुमान पुत्र मंगलाराम नायक व सम्पत मेघवाल की मौके पर मौत हो गई, जबकि हनुमान पुत्र रामनिवास गंभीर घायल हो गया।
घायल के सिर में गंभीर चोट के चलते उसे नागौर के जेएलएन अस्पताल में उपचार के बाद हायर सेंटर जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया, पर एम्बुलेंस उसे लेकर जेएलएन अस्पताल पहुंची, जिसके बाद उसका शव मोर्चरी में रखवाया। देर रात दुर्घटना की सूचना मिलने पर मूंडवा पुलिस थाने से हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश तथा चालक कानाराम खोजा दुर्घटना स्थल पर पहुंचे तथा हादसे में मौत के शिकार हुए दोनों लोगों के शव मूंडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थित मोर्चरी में रखवाए।
दूसरी ओर शनिवार को ही भीलवाड़ा के बदनोर क्षेत्र के परा गांव के निकट भी एक हादसा हुआ , जहां दो बाइक टकराने से दम्पती की मौत हो गई। बदनोर पुलिस के अनुसार रातेड़ी निवासी प्रकाश गुर्जर (26) पत्नी सम्पती व रिश्तेदार की बालिका लीला (10) के साथ बाइक पर रिश्तेदार से मिलने गया था। वहां से वापस मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। इस दौरान चोटियास के निकट सामने से आ रहे अन्य मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। जिसके बाद प्रकाश व उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दूर जाकर गिरी लीला गम्भीर घायल हो गई। दूसरी बाइक पर सवार दो जने भी घायल हो गए। प्रकाश ने दस दिन पूर्व ही सम्पती से नाता विवाह किया था। प्रकाश तीन बहनों में एक भाई था। पिता की पूर्व में ही मौत हो गई। प्रकाश ही परिवार का लालन-पालन कर रहा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया।
Updated on:
07 Oct 2018 10:55 am
Published on:
07 Oct 2018 04:03 am
