
Nagaur: The Shivling at the Shanevar Mahadev Temple in Shivbari has been adorned.
शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें, महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना; बड़लेश्वर, पातालेश्वर, नर्मदेश्वर समेत इंद्रा कॉलोनी व नया दरवाजा हनुमान मंदिर परिसर में भी विशेष पूजा
नागौर. सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी का संयोग में शहर महादेव के भक्तों के रंग में रंगा रहाा। सुबह होते ही शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में पूजा की थालियां, जल और पुष्प लिए श्रद्धालु महादेव के दरबार में पहुंचे, और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवार की मंगलकामना की। मंदिर परिसरों में दिनभर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। कई मंदिरों में विशेष श्रृंगार, अभिषेक, पूजन और आरती के आयोजन हुए। पंचांग के अनुसार सोमवार को सावन के तीसरे सोमवार के साथ नागपंचमी का संयोग होने के साथ ही हंस राजयोग, रवि योग और शुभ योग से मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
हुआ अभिषेक, गूंजे जयघोष
शहर के बंशीवाला परिसर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने शिवलिंग पर जल और पुष्प अर्पित किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना की। नागपंचमी के अवसर पर शिवालय में नाग देवता का स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति की कामना की। मंदिर परिसर में महिलाओं और पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इसी तरह प्रतापसागर तालाब स्थित बड़लेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया, और शिवलिंग को फूलों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिर में सजाए गए पुष्पों और हरियाली से वातावरण भक्तिमय नजर आया। परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने महादेव का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इंद्रा कॉलोनी स्थित शिवालय में भी नागपंचमी और सावन सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। सुबह से ही भक्त पूजा की सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे। महिलाओं ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर बेलपत्र और पुष्प अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार में सुख-शांति की कामना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालु शिव स्तुति और मंत्रों का जाप करते नजर आए। इसी तरह शिवबाड़ी स्थित शानेवर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नागपंचमी को देखते हुए शिवलिंग का किया गया शृंगार आकर्षण का केन्द्र बना रहा। श्रद्धालुओं को लाइन से दर्शन कराने के लिए स्वयंसेवक लगाए गए थे।
नर्मदेश्वर महादेव में विशेष श्रृंगार और रुद्राभिषेक
गिनाणी तालाब स्थित प्रसिद्ध श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भी सावन सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। भगवान नर्मदेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। पुष्पों और विभिन्न पूजन सामग्री से सजे महादेव के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। मंदिर में पंडितों के आचार्यत्व में रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल, दूध, दही, शहद, घी और पंचामृत से अभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। नया दरवाजा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भी महादेव के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। भक्तों ने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पुष्प और बेलपत्र अर्पित किए तथा भगवान शिव की आरती की। जबरश्वर महादेव और मानासर स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा की। कई श्रद्धालुओं ने सावन सोमवार का उपवास रखा। मंदिरों में शिव मंत्रों और स्तुतियों का गान होता रहा।
भक्ति में डूबा नजर आया शहर
सुबह से शाम तक शहर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कहीं रुद्राभिषेक हुआ तो कहीं विशेष श्रृंगार के बाद आरती की गई। मंदिरों में गूंजते शिव मंत्र, घंटियों की आवाज और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सावन सोमवार और नागपंचमी के इस संयोग ने शहर के शिवालयों में भक्ति और आस्था का ऐसा रंग भर दिया, जिसमें दिनभर श्रद्धालु महादेव की आराधना में लीन नजर आए।
नागौर. बड़लेश्वर महादेव का अभिषेक करते श्रद्धालु
नागौर. शिवबाड़ी स्थित शानेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
नागौर. शिवबाड़ी स्थित शानेवर महादेव मंदिर शिवलिंग का हुआ शृंगार
Updated on:
17 Aug 2026 10:16 pm
Published on:
17 Aug 2026 10:16 pm
