
nagaur news
नागौर./ रूण. कस्बे के महाजनों का बास में शनिवार अद्र्धंरात्रि में तीन जगह चोरी की वारदात हो गई। पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात रात बारह से चार बजे के बीच हुई। महाजनों का बास मोहल्ले के निवासी महावीरचंद कोठारी के परिवार में छोटे-बड़े करीब 15 सदस्य है, जबकि संजय कुमार जैन अकेला रहता है और एएनएम सविता के घर में चार सदस्य थे। इन सभी मकान मालिकों को रात में चोरों के आने की भनक तक नहीं लगी। चोर माल लेकर चंपत हो गए। इन सभी को सुबह पांच बजे के करीब नींद खुलने पर घर में चोरी होने का पता चला। सबसे ज्यादा माल महावीर कोठारी के घर से चोरी होने के कारण परिवार घर वाले रोने-चिल्लाने लगे। हल्ला सुनकर पड़ौसी दौड़ कर आए। इस दौरान एक ही रात में तीन जगह चोरी होने की जानकारी मिली। मोहल्लेवासियों ने कुचेरा थाने में चोरी की सूचना दी। कुचेरा थानाधिकारी हर्षवर्धन अग्रवाल, हेड कांस्टेबल हिम्मतसिंह और बीट ऑफिसर मांगीलाल, कैलाश के साथ मौके पर पहुंचे। नागौर से फोरेसिंक टीम के प्रभारी मनीष और हरिराम गोदारा भी पहुंचे। उन्होंने करीब चार घंटे तक मौका मुआयना किया। मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वारदात का खुलासा करने और चोरों को तत्काल पकडऩे की मांग की। थानाधिकारी ने ग्रामीणों से संदिग्ध गतिविधियों वाले व्यक्तियों के नाम पुलिस को बताने का आग्रह किया। कुचेरा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कहां कितनी चोरी
महावीरचंद कोठारी के मकान के मुख्यद्वार का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और घर में रखे करीब तीन लाख रुपए नगद ,15 तोला सोना व डेढ़ किलो चांदी चुरा ले गए। इसी तरह संजय कुमार जैन के यहां पर संभवत: चोर छत की तरफ से घर में आए और अलमारी में रखे करीब सवा दो लाख रुपए चुरा ले गए। एएनएम सविता के मकान में भी चोर छत के रास्ते से मकान में घुसे और एक सूटकेस में रखे 14 हजार नगद और एक सोने की अंगूठी चुरा ले गए। बाद में मुख्य दरवाजे के पास बने कमरे के दरवाजे से होकर बाहर निकल गए।
किया माल का बंटवारा
तीनों घरों में चोरी करने के बाद चोर दधवाडी मार्ग स्थित वीर हनुमान मंदिर के पास पहुंचे और वहां बैठकर शराब पी। संभावाना जताई जा रही है कि चोरों ने माल का बंटवारा भी यही पर किया और कुछ सामान वहीं फेंक दिया। वहां से सुबह सात बजे के करीब अपने खेत से घर आ रहे एक किसान ने रास्ते सामान बिखरा देखा और महाजनों के बास में भीड़ देखकर बताया कि शायद चोरी का कुछ सामान वहां पर पड़ा है। सामान को महावीरचंद कोठारी के परिवार के लोगों ने पहचाना लिया। बाद में पुलिस ने मौका मुआयना किया
बेटी की शादी के लिए रखा था गहना
कोठारी ने बताया कि उसने अपनी बेटी रिंकू की शादी के लिए सोने-चांदी के गहने बनवाकर रखे थे। संजय कुमार जैन ने भी अपनी शादी के लिए और व्यापार के लिए पैसे बचा कर रखे थे।
Published on:
11 Jun 2018, 11:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.