8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

लव स्टोरी का दुखद अंत: ​पति की मौत के बाद अब करिश्मा ने की खुदकुशी, पीहरवालों ने की थी सहदेव की हत्या; सदमे में थी पत्नी

प्रेम विवाह में हुआ बुरा अंत, पहले पीहर पक्ष ने कर दी पति की हत्या, अब पत्नी ने घर में फंदा लगाकर दी जान
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नागौर

•

image

Shyam Lal Choudhary

•

Updated: 26 Jun 2025, 12:19 PM IST

सहदेव भाकर व करिश्मा

सहदेव भाकर व करिश्मा

रोल. नागौर जिले के रोल थाना क्षेत्र के रातंगा गांव में सहदेव राम भाकर की पत्नी करिश्मा ने गुरुवार सुबह 4 बजे अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों के प्रेम विवाह से नाराज करिश्मा के पीहर पक्ष के लोगों ने उसके पति सहदेव की हत्या गत 14 जून को कर दी थी। सहदेव का शव जायल थाना क्षेत्र के तेजासर गांव के मेहरवास रोड पर एक खेत में मिला था। सहदेव की हत्या के आरोप में उसके सगे चावा सहित अन्य आरोपी पकड़े जाने के बाद करिश्मा ने अपने पति की हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की थी। करिश्मा पति की मौत का सदमा ज्यादा दिन सहन नहीं कर पाई और आज सुबह यानी गुरुवार तड़के उसने अपने ससुराल रातंगा में कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

रोल थाने के हेड कांस्टेबल नेनुराम ने बताया कि करिश्मा ने घर में ही फांसी लगाई है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिवार के लोगों ने बताया कि करिश्मा के पेट में दो-तीन महीने का गर्भ भी था, जो दो-तीन दिन पहले ही गिर गया था। एक तो पति की मौत और उसके बाद गर्भ गिरने से वह सदमे में थी। रोल थानाधिकारी राधाकिशन मीणा ने बताया कि करिश्मा का शव जायल अस्पताल की मोर्चरी भिजवाकर पोस्टमार्टम करवाया तथा परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच जायल तहसीलदार को सौंपी है। मामला नवविवाहिता का होने के कारण जांच कार्यपालक मजिस्ट्रेट के तौर पर जायल तहसीलदार को सौंपी गई है।

यह था पूरा मामला

अजमेर सिविल लाइंस पुलिस थाने में 14 जून को रातंगा निवासी सहदेव के परिजनों ने सहदेव के अपहरण व हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया। शव मिलने के छह दिन बाद अजमेर पुलिस ने नागौर के नर्सिंग टीचर सहदेव को अगवा कर हत्या के मामले में मृतक की प्रेमिका करिश्मा के दो रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद पुलिस ने करिश्मा के चाचा को गिरफ्तार किया। अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि 13 जून को केन्द्रीय बस स्टैण्ड के पास सहदेव को अगवा कर नृशंस हत्या की वारदात में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने नागौर जिले के जायल निवासी कुन्नाराम (53) पुत्र कानाराम रलिया व जायल धारणा गांव निवासी ओमप्रकाश (40) पुत्र मोतीराम जाट को गिरफ्तार किया गया। कुन्नाराम मृतक सहदेव की प्रेमिका व लिव-इन में रह रही बाल विवाहित करिश्मा का चाचा ससुर है। आरोपी ओमप्रकाश, करिश्मा की बहन का जेठ है। पुलिस की पड़ताल में आया कि कुन्नाराम और ओमप्रकाश को सहदेव हत्याकांड की जानकारी होने के बावजूद वे चुप्पी साधे रहे। पुलिस ने हिरासत में लेकर पड़ताल की तो दोनों ने सच कबूल लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेशकर दो दिन के रिमांड पर लिया।

हत्या के बाद बेटी के ससुराल में दी सूचना

ऑनर किलिंग से जुड़े सहदेव हत्याकांड की पड़ताल में जुटी पुलिस के सामने आया कि आरोपियों में शामिल करिश्मा के परिजन सहदेव को अगवा कर अपने गांव ले गए। जहां उसे धारदार हथियार से गोदने व गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को जायलतेजासर गांव की सरहद में खेत में फेंक गए। परिजन ने हत्या के बाद करिश्मा के चाचा ससुर कुन्नाराम और बड़ी बेटी के ससुराल में जेठ ओमप्रकाश को सहदेव को ठिकाने लगाने की सूचना भी दी थी।

यूं खुली वारदात. . .

एसपी राणा ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण व 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर नामजद लोगों की सीडीआर का विश्लेषण किया। आरोपियों की तलाश में नागौर नम्बर की बोलेरो कैम्पर नागौर-कुचेरा की सरहद से जब्त करने के बाद जायल से सहदेव जाट का शव बरामद किया। पुलिस की दबिश कार्रवाई के चलते नामजद आरोपी फरार हो गए।