15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागौर

वीडियो : राजस्थान के इस शहर में गैस कटर से एटीएम काटकर नकदी ले गए लुटेरे

कार में आए थे 5-6 बदमाश, मौके पर पहुंचे पुलिस उप अधीक्षक रामकरण मलिंडा, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, नागौर पुलिस अधीक्षक नारायण टोग़स मौके पर पहुंचे और मुआयना किया

Google source verification

मेड़ता सिटी. नागौर जिले मेड़ता सिटी में बदमाश एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकदी ले गए। बदमाश कार में आए थे। जानकारी के अनुसार शहर के गायत्री मंदिर के पास स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से सोमवार रात एक कार में आए लुटेरों ने गैस कटर से मशीन काटकर नकदी चुरा ली। सीसी टीवी कैमरे के फुटेज के अनुसार वारदात रात करीब 2:50 बजे हुई। कार में सवार होकर आए नकाबपोशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरा से छेड़छाड़ कर विजुएल बंद कर दिए। बाद में गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटा। इसके बाद एटीएम मशीन की 5 कैश ट्रे चुरा कर ले गए। एटीएम लूट की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह नागौर पुलिस अधीक्षक नारायण टोग़स मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।

जानकारी के अनुसार एटीएम में करीब 17 लाख रुपए से अधिक की नकदी थी। पुलिस उपाधीक्षक रामकरण मलिंडा और थाना अधिकारी धर्मेश दायमा ने बताया कि एटीएम से राशि लूटने वाले अज्ञात लुटेरों को पकड़ने के लिए शहर सहित क्षेत्र के टोल नाकों पर पुलिस टीमें सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही हैं।

गत माह खींवसर में उखाड़ा था एटीएम

नागौर जिले के खींवसर थाना क्षेत्र में बिरलोका गांव में 11 फरवरी को तड़के करीब 3:30 बजे कार में सवार होकर आए लुटेरों ने एसबीआई के एटीएम को उखाड़ दिया। वहां तैनात गार्ड को बदमाशों ने धमकाया और जान से मारने की चेतावनी दी। इसके बाद, बदमाशों ने लोहे की जंजीर से एटीएम को बांधकर कार की मदद से उखाड़ लिया। यह वही एटीएम था, जहां 23 सितंबर 2023 को भी लूट हुई थी। हालांकि, गार्ड की सतर्कता और ग्रामीणों की मुस्तैदी से यह वारदात नाकाम हो गई। बदमाश एटीएम को उखाड़कर बूथ से बाहर ले आए थे, लेकिन गार्ड के शोर मचाने पर ग्रामीण जाग गए, जिससे घबराकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

जोधियासी में दो साल पहले चोर उखाड़ ले गए थे सैन्ट्रल बैंक का एटीएम, 10.39 लाख रुपए रखे थे

नागौर के सदर थाना क्षेत्र के जोधियासी गांव में करीब दो साल पहले 3 फरवरी 2023 को चोर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (सीबीआई) का एटीएम उखाड़कर ले गए थे। एटीएम संचालित करने वाली कम्पनी टीएसआई के प्रतिनिधि ने पुलिस को बताया कि एटीएम में 10 लाख 39 हजार रुपए रखे थे।

गार्ड नहीं रखते, कैमरे पर भी ध्यान नहीं

गौरतलब है कि अधिकतर बैंकों ने एटीएम का संचालन निजी कम्पनियों को दे रखा है। एटीएम संचालित करने वाली कम्पनियां एटीएम का इंश्योरेंस करवाकर रखती है, इसलिए सुरक्षा को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं है। यही वजह है कि ज्यादातर एटीएम पर गार्ड नहीं रखे जाते। केवल सीसी टीवी कैमरे लगाकर इतिश्री की जाती है। इसी का फायदा उठाकर चोर पूरा एटीएम उखाड़कर ले जाते हैं। जोधियासी ग्रामीण इलाका होने के कारण चोरों ने इसका फायदा उठाया और एटीएम को सांखळ से कैम्पर के बांधकर झटका लगाकर उठा ले गए। हालांकि एटीएम में लगा कैमरा बंद था, लेकिन गांव में लगे दूसरे सीसी टीवी कैमरे में चोरों की कैम्पर पुलिस को दिखाई दी। जिसके आधार पर पुलिस ने लम्बी मशक्कत के बाद बदमाशों को पकड़ा।