जायल(नागौर). नागौर जिले के जायल में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से पुलिस की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह घटना जायल-खिंयाला रोड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास शुक्रवार देर रात हुई। टक्कर के बाद पुलिस वाहन में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस हादसे में हैड कांस्टेबल प्रहलाद राम की मौत हो गई, जबकि एक कांस्टेबल और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
बदमाश फॉर्च्यूनर लेकर हुए फरार
घटना के बाद फॉर्च्यूनर सवार बदमाश लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शनिवार सुबह नागौर एसपी नारायण टोगस भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि हैड कांस्टेबल प्रहलाद राम गश्त पर थे और संदिग्ध फॉर्च्यूनरगाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने गाड़ी रोकी नहीं, जिस पर पुलिसकर्मियों ने पीछा कर फॉर्च्यूनर को ओवरटेक किया, तभी बदमानों ने पुलिस के वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन पटल गया और उसमें आग लग गई।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जिलेभर में नाकाबंदी
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर से साक्ष्य जुटाए हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई है।