
आयकर छापा में 4.25 करोड़ नकद
नर्मदापुरम. किसी के यहां करोड़ों की नकदी रखी थी तो किसी का घर सोने से भरा था। इतना ही नहीं, कई लॉकर्स भी सोने के जेवरों से भरे हैं। इटारसी के सराफा कारोबारी और रेलवे ठेकेदार के ठिकानों पर आयकर छापों में यह खुलासा हुआ है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार आयकर टीम को यहां भारी अनियमितताएं मिली हैं। आयकर छापे में मंगलवार सुबह से चल रही छानबीन में कुल 4.25 करोड़ रुपए नकद राशि मिली है, जिसे सीज कर लिया गया है। ज्वैलर्स के यहां से 12 किलो सोने की ज्वैलरी मिली जोकि सीज की गई है। 16 बैंक लॉकर भी मिले हैं। इनमें से 10 लॉकर खोले जा चुके हैं। लॉकरों में भी काफी सोना मिला है।
आयकर टीम के मुताबिक यहां 8 करोड़ रुपए गोलमाल तरीके से लिए गए- मैरिज हॉल में करोड़ों रुपए की हेराफेरी की गई है। बुकिंग करने पर कैश में पैसा लिया जाता था। आयकर टीम के मुताबिक यहां 8 करोड़ रुपए गोलमाल तरीके से लिए गए हैं। इसके सबूत आयकर टीम को मिले हैं।
रेलवे केटरिंग ठेकेदार द्वारा रेलवे की केटरिंग का ठेका लेकर दूसरों से काम करवाने के साक्ष्य मिले - आयकर टीम के अनुसार रेलवे केटरिंग ठेकेदार द्वारा रेलवे की केटरिंग का ठेका लेकर दूसरों से काम करवाने के साक्ष्य मिले हैं। इसकी किताबों में एंट्री नहीं की जाती। जिससे जो पैसा केटरिंग से आता है, उसका गोलमाल किया जा रहा है। ऐसे करीब 20 से 22 करोड़ रुपए की गड़बड़ी मिली है।
कॉलोनी में प्लॉट बेचकर 6.50 करोड़ रुपए दो नंबर में लिए- रिसल एस्टेट में कारोबारी अपनी कॉलोनी के दो फेस बेच चुका है। तीसरे की बुकिंग चल रही है। सूत्रों के अनुसार कॉलोनी में प्लॉट बेचकर 6.50 करोड़ रुपए दो नंबर में लिए हैं। इसी तरह एक शॉपिंग कॉम्पलेक्स में भी अनएकाउंटेंट केश मिला है।
Published on:
12 May 2023, 9:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.