
घटनाक्रम का खुलासा करते हुए एएसपी व टीम।
The police have busted a four-member gang नरसिंहपुर. जिले के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार सदस्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जैन मंदिरों से चोरी गई लगभग 100 वर्ष पुरानी दो प्रतिमाएं, सिंहासन, माता मंदिर से चोरी किया गया शंख रखने का पात्र, दान पेटी, श्रृंगार सामग्री सहित वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और लोहे का कटर बरामद किया है। गिरोह ने सगौरिया जैन मंदिर, लिलवानी माता मंदिर तथा तेंदूखेड़ा स्थित खेरापति मंदिर में चोरी एवं चोरी के प्रयास की तीन वारदातें करना स्वीकार किया है।
शुक्रवार को एएसपी संदीप भूरिया ने कार्रवाई का ब्यौरा दिया। बताया कि चोरी की घटनाओं में आरोपियों का पता लगाने तीन टीमों का गठन किया था। इसी आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
यह किया बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सगौरिया जैन मंदिर से चोरी गई लगभग 100 वर्ष पुरानी भगवान की दो प्रतिमाएं एवं सिंहासन बरामद किए। इसके अलावा लिलवानी माता मंदिर से चोरी किया गया शंख रखने का पात्र, दान पेटी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी बरामद की गई। वारदात में प्रयुक्त स्कूटी एवं लोहे का कटर भी जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ब्रजेश गौड़ एवं रोहित उर्फ कुट्टू कीर ने स्वीकार किया कि जैन मंदिर से चोरी की गई शेष 16 प्रतिमाओं को उन्होंने शक्कर नदी में फेंक दिया है। पुलिस इन प्रतिमाओं को तलाशने सर्च अभियान चला रही है। गिरफ्तार आरोपियों में नन्हे सिंह उर्फ समसेर राजपूत (58) वर्ष, निवासी सुपारी, हाल निरंजन वार्ड गाडरवारा, आकाश उर्फ छोटू राजपूत (25) वर्ष, निवासी निरंजन वार्ड गाडरवारा, ब्रजेश गौड़ (30) वर्ष, निवासी ग्राम तेंदूखेड़ा, हाल निरंजन वार्ड गाडरवारा तथा रोहित उर्फ कुट्टू कीर (21) वर्ष, निवासी निरंजन वार्ड गाडरवारा शामिल हैं।
इन तीन टीमों की रही अहम भूमिका
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए अज्ञात चोर की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गई संपत्ति की बरामदगी हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा एएसपी संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी, तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा, एसडीओपी नरसिंहपुर मनोज गुप्ता के नेतृत्व में 3 विशेष टीमें गठित की गई थी। उक्त टीम में थाना प्रभारी करेली निरीक्षक रत्नाकर हिंग्वे, थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक चौहान, थाना प्रभारी पलोहा निरीक्षक बनवारी लाल त्यागी, थाना प्रभारी तेन्दूखेड़ा निरीक्षक किशोर वामनकर, एसआइ विजय कुमार धुर्वे, एएसआइ सतीश राजपूत, अवधेश बघेल, प्रधान आरक्षक कुलदीप सोमकुंवर, राजेश बागरी, राजेन्द्र उईके, आरक्षक सचिन पटेल, लक्ष्मी नागपुरे, कपिल राजपूत, महिला आरक्षक अंकिता दुबे, थाना गाडरवारा से प्रधान आरक्षक रामगोपाल राजपूत, आरक्षक रूपेन्द्र चौबे, दिनेश पटेल, विश्वजीत, थाना तेन्दूखेड़ा से एएसआइ शशांक दुबे, आरक्षक बहादुर, लखन तथा साइबर शाखा नरसिंहपुर से महिला आरक्षक कुमुद पाठक, आरक्षक नीरज डैहरिया, हेमंत वाडिवा एवं भूपेन्द्र की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
Updated on:
01 Aug 2026 01:24 pm
Published on:
01 Aug 2026 01:24 pm
